MP में 12 दिन चलने के बाद राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का सफर खत्म, राजस्थान में हुई एंट्री


मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का रविवार को 12वां और अंतिम दिन रहा और ये यात्रा आगर जिले से राजस्थान में प्रवेश कर गई।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
bharat jodo yatra 12th day in mp

आगर-मालवा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश करने के साथ ही उसका मध्यप्रदेश में 12 दिन का सफर खत्म हो गया।

भारत जोड़ो यात्रा ने 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में एंट्री ली थी और रविवार 4 दिसंबर को ये यात्रा आगर जिले से राजस्थान में प्रवेश कर कर गई।

मध्यप्रदेश के आगर जिले में यात्रा के अंतिम पड़ाव डोंगरगांव में राहुल गांधी ने सभा को संबोधित किया जिसमें उनके साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में एक बार फिर भाजपा, संघ और केन्द्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि संसद में माइक बंद, मीडिया भी हमारी बात नहीं पहुंचाती, इसलिए हमें सड़क पर उतरना पड़ा।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कमलनाथ को 101 डिग्री बुखार है, फिर भी इन्होंने आराम नहीं लिया और ये हमारे साथ चले।

राहुल गांधी का जनता के नाम जारी संदेश –

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। राहुल गांधी ने आगर-मालवा जिले के डोंगरगांव से मध्यप्रदेश की जनता के नाम संदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने यात्रा के दौरान जनता के समर्थन के लिए धन्यवाद और आभार जताया।

राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश के सामने कई चुनौतियां है। यहां किसान, युवा और व्यापारी परेशान है। आदिवासियों के लिए बनाए कानून कमजोर किए जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने लिखा कि इन चुनौतियों को हल करने के लिए जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया था, लेकिन उसके साथ विश्वासघात किया गया। मध्यप्रदेश में जल्द ही वो दिन आएगा, जब हम आपको विश्वास पर खरा उतरेंगे, जो आपने कांग्रेस पर जताया था।

मध्यप्रदेश में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का 12वां दिन – 

मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का रविवार को 12वां और अंतिम दिन रहा और ये यात्रा आगर जिले से राजस्थान में प्रवेश कर गई। यात्रा ने आगर जिले में सबसे ज्यादा तीन दिन और दो रात रुकने के बाद देर शाम राजस्थान में एंट्री ली।

इससे पहले रविवार को यात्रा आगर में अन्नपूर्णा ढाबा के पास कैंप साइट से सुबह 6 बजे शुरू हुई और करीब 10 बजे अपने पहले पड़ाव पर गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां, आगर पहुंची।

लंच ब्रेक के बाद सोयतकलां शहर से होते हुए यात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान काफी संख्या में लोग अपने घरों की छतों पर और सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर यात्रा के स्वागत और राहुल गांधी को देखने के लिए उत्सुक दिखे।



Related