संविधान दिवस पर महू में राहुल गांधी, लोगों को दिया ‘डरो मत’ का संदेश


राहुल ने बेरोजगारी, महंगाई सहित जीएसटी तथा नोटबंदी पर सरकार की कड़ी आलोचना की, उन्होंने कहा कि भाजपा आरएसएस हमारे संविधान को खत्म करना चाहती हैं।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

इंदौर। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को व्यापक समर्थन मिल रहा है। 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के दिन राहुल गांधी अपनी इस यात्रा के साथ डॉक्टर बी आर अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचे। यहां उन्होंने स्मारक पर डॉ अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की।  इसके बाद राहुल ने महू में एक आम सभा को भी संबोधित किया।

इस सभा में अपने अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर खासी आक्रामक नजर आए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को देश को तोड़ने वाली विचारधारा बताया। राहुल का पूरा जोर आपसी प्रेम और राष्ट्रीय एकता के विषय पर था।

उन्होंने कहा कि वे लगातार पीएम नरेंद्र मोदी अमित शाह और आरएसएस के खिलाफ बोलते हैं उनसे लड़ते हैं लेकिन उनसे नफ़रत नहीं करते। राहुल ने यहां कहा कि हमारे संविधान को बदलने के लिए आरएसएस और भाजपा धीरे धीरे प्रयास कर रहे हैं और इस कोशिश को हमें मिलकर रोकना होगा।

राहुल ने लोगों को बताया कि वे खुद हिंसा का शिकार रहे हैं उनकी दादी को 32 गोलियां मारी गईं और उनके पिता को बम से उड़ा दिया गया। इस तरह उनके खिलाफ कई बार हिंसा हुई लेकिन इसके बाद उन्होंने डरना छोड़ दिया लिहाजा उनके दिल में प्रेम आया।

राहुल ने कई बार यहां लोगों को संदेश दिया कि वे डरना छोड़ दें उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि आर एस एस और भाजपा की विचारधारा से डरना नहीं चाहिए क्योंकि डरती वही लोग हैं जो कमजोर होते हैं।

राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए महू में हजारों लोग सड़कों पर खड़े थे। वहीं आम सभा में उन्हें सुनने के लिए भीड़ ने करीब 2 घंटे तक इंतजार किया इसके बाद जब वे मंच पर पहुंचे तो हजारों लोगों की इस भीड़ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सैकड़ों लोग घरों की छत पर खड़े होकर उन्हें देख रहे थे।

अपने भाषण में राहुल गांधी ने बेरोजगारी और नोटबंदी तथा जीएसटी जैसी नीतियों पर भी सरकार की कड़ी आलोचना की। वहीं उन्होंने आदिवासी और दलित समुदाय को लेकर भाजपा आरएसएस की नीतियों पर भी बात की।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सहित कई बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने यहां लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बताया कि कैसे राहुल गांधी ने महू में आकर कार्यक्रम करने की जिद की। यहां स्थानीय विधायक रहे कांग्रेस के नेता अंतर सिंह दरबार बड़ी भीड़ जुटाने में सफल रहे। कार्यक्रम के दौरान कुछ एक बार लाइट भी गई जिसे लेकर आयोजकों ने नाराजगी जताई।



Related






ताज़ा खबरें