रामबाई पर फिर कार्रवाई, पुलिस बल देखकर घबराईं तेज़तर्रार विधायक, तहसीलदार ने फिर तोड़ा निर्माण


विधायक रामबाई ने यहां स्पष्ट किया कि उनका अपने पति और आरोपी गोविंद सिंह के साथ कोई संपर्क नहीं है और उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपने पति गोविंद सिंह से लौट आने की अपील की है।  


लक्ष्मीकांत तिवारी
दमोह Updated On :

दमोह। बहुजन समाज पार्टी की विधायक रामबाई परिहार के पति और देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड में आरोपी गोविंद सिंह की तलाश तेज़ है। इस बीच रामबाई पर प्रशासन भी कार्रवाई कर रहा है। पुलिस ने हिनौता में रामबाई के परिवार का एक वेयरहाउस तोड़ा है।

हालांकि अब रामबाई के सुर बदल चुके हैं। उनका तेज़तर्रार रवैया फिलहाल देखने को नहीं मिल रहा है। मंगलवार को जब उनके बंगले पर पुलिस पहुंची तो रामबाई ने खुद ही पत्रकारों को बुलाकर अपनी समस्या उन्हें सुनाई। एक जगह वे कहतीं नज़र आईं कि वे इतने पुलिस बल को देखकर परेशान हैं।

विधायक रामबाई ने यहां स्पष्ट किया कि उनका अपने पति और आरोपी गोविंद सिंह के साथ कोई संपर्क नहीं है और उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपने पति गोविंद सिंह से लौट आने की अपील की है।

मंगलवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गोविंद सिंह की तलाश में कई स्थानों पर अलग-अलग छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान सबसे ज्यादा सरगर्मी गोविंद सिंह के पैतृक गांव हिनौता में देखी गई। जहां पुलिस की टीमों ने पूरे गांव में सघन तलाशी की। इस दौरान बहुत से घरों में भी तलाशी किए जाने की खबर है।

इस गांव में एक निर्माणाधीन वेयरहाउस को तोड़ा गया। बताया जाता है कि यह वेयरहाउस आरोपी गोविंद सिंह के द्वारा बनवाया जा रहा था।

यह वेयरहाउस नियमविरुद्ध बनाए जाने की जानकारी प्रशासन को लगी थी। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बबीता राठौर अपने राजस्व अमले साथ पहुंची थी।

यह कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब बारह बजे शुरू हुई और काफी देर तक जारी रही।  इस दौरान सीएसपी अभिषेक तिवारी मौजूद रहे। उनके साथ भारी पुलिस बल भी तैनात था।

हिनौता और आसपास के गांवों में पुलिस की उपस्थिति लगातार बढ़ती जा रही है। जिससे एक बार फिर रामबाई और उनके करीबी परेशान नज़र आ रहे हैं।

इसके अलावा दमोह शहर में विधायक रामबाई परिहार के बंगले पर मंगलवार को ही एएसपी शिवकुमार सिंह पहुंचे और उन्होंने आरोपी गोविंद सिंह की पत्नी विधायक रामबाई परिहार से एक बार फिर पूछताछ की। यहां काफी संख्या में महिला पुलिस बल भी मौजूद रहा। जिससे विधायक रामबाई परिहार कुछ परेशान नज़र आईं।

बताया जाता है कि यहां से पुलिस पड़ोस में रहने वाली एक महिला को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।



Related