पुरानी पेंशन नीति बहाल करने के लिए लामबंद हो रहे कर्मचारी, प्रदर्शन की भी तैयारी, कांग्रेस ने गर्माया मुद्दा


पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस सरकार से पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की मांग की है। ऐसे में अब आने वाले दिनों में यह मुद्दा गरमाने वाला है।


DeshGaon
उनकी बात Published On :

भोपाल। सभी कर्मचारियों को पेंशन लागू करने के राजस्थान सरकार के फैसले के बाद अब मध्यप्रदेश में भी इसकी मांग उठने लगी है। नई पेंशन नीति का विरोध काफी पहले से किया जाता रहा है। जिसके अनुसार साल 2005 के बाद नियुक्त हुए कर्मचारियों को सरकारी पेंशन का लाभ नहीं दिया जाता है।

ऐसे में अब कर्मचारियों ने राजस्थान सरकार की तर्ज पर मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार से भी पुरानी पेंशन स्कीम फिर लागू करने की मांग की है। इस मांग का सर्मथन कांग्रेस ने भी किया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस सरकार से पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की मांग की है। ऐसे में अब आने वाले दिनों में यह मुद्दा गरमाने वाला है।

पुरानी पेंशन नीति को लागू करने के लिए कर्मचारी संगठन लामबंद हो रहे हैं। यह कर्मचारी संगठन अब बड़े प्रदर्शन की तैयारी भी कर रहे हैं। यह प्रदर्शन 13 मार्च को भोपाल में प्रस्तावित है। इस प्रदर्शन में राजनीतिक दलों का भी प्रभाव होगा क्योंकि कर्मचारियों के अलावा राजनीतिक संगठन भी इसके लिए मांग कर रहे हैं।

कांग्रेसी विधायक नीलांशु, महेश परमार और कुणाल चौधरी सहित कई दूसरे विधायकों ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इसके लिए पत्र लिखा है। इस विषय को कांग्रेस ने 2023 के चुनाव अभियान में प्रमुखता से रखने का निर्णय लिया है।

कर्मचारियों के बीच पेंशन एक बड़ा मुद्दा है। नई पेंशन नीति की कई परेशानियां हैं। इसका कर्मचारियों के सभी संगठन विरोध करते रहे हैं।  पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस नीति का विरोध करते हुए बताया कि इसके दुष्परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कर्मचारी जब रिटायर हुए तो उनकी पेंशन केवल 800 से 1500 रुपये प्रतिमाह बनी। इस पैसे में परिवार तो दूर खुद पेंशन पाने वाले कर्मचारी का भी भरण-पोषण संभव नहीं है।

पुरानी पेंशन नीति में कर्मचारी को उनके सेवाकाल में मिलने वाले वेतन की लगभग आधी राशि पेंशन के रुप में मिलती थी और डीए  बढ़ने पर पेंशन भी बढ़ जाती थी जबकि नई नीति में ऐसा कुछ भी नहीं है। ऐसे में इस मुद्दे के साथ कर्मचारी संगठनों का साथ आना तय माना जा रहा है।

 

ये है नई पेंशन नीति…

1 जनवरी 2005 के बाद भर्ती अधिकारी-कर्मचारियों के लिए अंशदायी पेंशन योजना लागू है। इसके तहत कर्मचारी 10% और इतनी ही राशि सरकार मिलाती है। संघ के अनुसार, इस राशि को शेयर मार्केट में लगाया जाता है। इसके चलते कर्मचारियों का भविष्य शेयर मार्केट के ऊपर निर्भर हो गया है। रिटायरमेंट होने पर 60% राशि कर्मचारी को नकद और शेष 40% राशि की ब्याज से प्राप्त राशि पेंशन के रूप में कर्मचारी को दी जाती है।

इसके अलावा प्रदेश का अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा भी इस विषय को लेकर चार मार्च को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने जा रहा है। इस विषय में 26 फरवरी शनिवार को संगठन की बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा।

राजस्थान से उठा पेंशन का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में बड़ा विषय होने वाला है। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार ने भी इस मुद्दे पर फैसला लेने के निर्णय लिया है। ऐसे में शिवराज सरकार पर भी इसे लेकर दबाव होगा और कहा जा रहा है कि वे भी इसे लेकर जल्दी फैसला ले सकते हैं। हालांकि फिलहाल इसके कोई संकेत नहीं दिये गए हैं।



Related