चबूतरे पर माथा टेका तो दलित महिला को लाठियों से पीटा


इसी दौरान गांव के  बबलू पटेल ने उसे देख लिया और गाली-गलौज के साथ जाति सूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला को लाठियों से बेरहमी से पीटा गया।


DeshGaon
उनकी बात Published On :

भोपाल। प्रदेश में दलित-आदिवासियों पर अत्याचार के समाचार अक्सर सुनने को मिलते ही है इस बीच बुंदेलखंड में एक नई घटना हुई है। जहां छतरपुर जिले में एक दलित महिला को लाठियों से पीटा गया क्योंकि उसने बरम देव के चबूतरे पर चढ़कर वहां माथा टेक दिया।

 

 

घटना छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के कोंडन गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गांव में एक धार्मिक चबूतरा बना है इसे बरम देव का चबूतरा कहते हैं। यह गांवों में स्थानीय देवता होते हैं जिन्हें गांव के लोग पूजते हैं। इस चबूतरे पर गांव की ही एक महिला उषा अहिरवार ने सीढ़ी पर बैठकर आस्था से अपना माथा टेक लिया।

इसी दौरान गांव के  बबलू पटेल ने उसे देख लिया और गाली-गलौज के साथ जाति सूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक महिला को लाठियों से बेरहमी से पीटा गया। जिसके कारण उसे कमर और सीने में गंभीर चोटें भी आईं हैं। इस दौरान गांव वालों ने बीच-बचाव किया और महिला को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

घटना को लेकर गांव में रहने वाले दलित समुदाय के लोगों में खासी नाराजगी है। कोंडन गांव के लोगों ने बताया कि उषा पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। उसे इस बात का शक था कि उसके ऊपर कोई जादू-टोना करा रहा है। इसी के चलते वह वहां मत्था टेकने गई हुई थी।

मामले पर बमिठा थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी ने बताया कि आरोपी बबलू पटेल के खिलाफ एससीएसटी एक्ट अलावा विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है। सिंह ने आरोपी बबलू पटेल को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

 



Related