VIDEO: पति को कंधों पर बैठाकर फिर घूमी एक महिला, ससुराल वालों ने दी साथ न रहने की सज़ा


इस दौरान मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बन मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हो सका।


ब्रजेश राठौर
उनकी बात Updated On :

खरगोन। प्रदेश में एक बार फिर एक महिला को सार्वजनिक रूप से बेइज्ज़त किया गया। जिले के ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम केली में देवास की घटना के बाद वायरल हुए वीडियो ने रिश्तों और मानवता को शर्मसार कर दिया।

करीब पांच माह पूर्व पति का घर छोड़कर मायके में काका के घर रह रही महिला को पति और भाईयों ने मिलकर पीटा। इसके बाद पति महिला के कंधों के पर बैठकर पूरे गांव में घूमा।

इस दौरान मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बन मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हो सका। पूरी घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने पति सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया।

बताया जा रहा है कि यह घटना जुलाई की है। उल्लेखनीय है कि देवास में भी मैरिटल अफेयर के चलते पति ने पत्नी को पीटा और उसके कंधे पर बैठकर गांव में जुलूस निकाला।

 

यह है पूरा घटनाक्रम… 

जानकारी के अनुसार करीब पांच माह पहले 42 वर्षीय महिला ससुराल से मायके आ गई। मायके में महिला अपने भाईयों के साथ न रहते हुए काका के घर रह रही थी। इस बात को लेकर 2 जुलाई को भाईयों और पति ने पहले काका को पिटा और इसके बाद महिला के साथ मारपीट की।

सजा के रुप में पति को महिला के कंधे पर बैठकार गांव में घूमाया गया। जानकारी के अनुसार महिला का विवाह बड़वानी जिले के ग्राम नालगवाड़ी क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद महिला को दो बच्चे है। वहीं महिला पति द्वारा आए दिन विवाद करने से परेशान होकर मायके आ गई थी और काका के यहां रहने लगी थी।

पीड़ित काका ने बताया कि उसकी कोई भी संतान नहीं है। पांच माह पहले भतीजी घर पर आई। इसकी सूचना उसके भाईयों को दे दी थी। भतीजी को बेटी के समान रखा। लेकिन इसके बाद भी दामाद और भतीजों ने मारपीट की। हाथ, पैर, सिर और कमर में चोट आने पर पीड़ित का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

पहले काट दिया अदमचेक, वीडियो वायरल होने पर दर्ज हुई एफआईआर –

इस पूरे मामले में पुलिस ने पहले अदमचेक काट कर कार्रवाई पूर्ण कर ली थी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महिला और पीड़ित काका को लेकर आई। लेकिन यहां आरोपितों के खिलाफ शिकायती आवेदन लेकर अदमचेक काट दिया।

मंगलवार को वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम को आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ। जिसके बाद पुलिस ने लावरियापानी निवासी कैशिया सोयला भटनागर, थावरिया लालसिंह मंडलोई, कालू छबड़ा और नुरला फाल्या निवासी राधु हरदास मंडलोई के साथ ही कमोदवाड़ा निवासी आरोपी पति मगन मनस्या को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले में एसपी धर्मवीर सिंह यादव ने कहा कि

सूचना मिलने पर ऊन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। समझौता होने पर महिला पति के साथ रहने को राजी हो गई थी। महिला के साथ इस प्रकार की घटना की जानकारी नहीं मिली थी। मंगलवार को प्रकरण दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



Related