किसानों की महापंचायत, दिल्ली में कई जगह बड़ा जाम, हाई एलर्ट पर पुलिस


पुलिस की इजाज़त न मिलने के बाद भी हो रही महापंचायत, फसलों के न्यूनतम सर्मथन मूल्य, बेरोज़गारी, गन्ने की बकाया राशि के भुगतान, देश के सभी किसानों की कर्ज़ माफ़ी जैसी कई मांगों के साथ प्रदर्शन


DeshGaon
उनकी बात Updated On :
जंतर मंतर पर किसानों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है।


नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली के जंतर मंतर पर किसान महापंचायत हो रही है। इस महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने धरना प्रदर्शन की इजाज़त नहीं दी है लेकिन इसके बावजूद इसका आयोजन हो रहा है। ऐसे में दिल्ली पुलिस भी परेशान है। पुलिस जहां किसानों को रोक रही है तो वहीं किसानों ने पहले ही इस महापंचायत की तैयारी कर ली थी। बहुत से किसान यहां पहले ही आकर धर्मशालाओं और गुरुद्वारों में रुक गए थे। किसान आंदोलन के कई बड़े नेता यहां पहुंचे हैं।

सुबह से ही दिल्ली में कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन चुकी है और इसे लेकर पुलिस को एक एडवायज़री भी जारी करनी पड़ी है। सोमवार सुबह पुलिस ने कई जगह बैरिकेड लगाए गए लेकिन बाद में इनमें से कई को हटा लिया गया। दिल्ली पुलिस राजधानी से जुड़ने वाले रास्तों पर चैकिंग भी कर रही है। गाज़ीपुर बार्डर, सिंधु बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर पुलिस की यह जांच जारी है ऐसे में इन इलाकों में कई किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। बताया जाता है कि जंतर मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में 4-5 हजार किसान पहुंचेंगे, इससे पहले शनिवार को किसान नेता राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

किसान महापंचायत के चलते दिल्ली में ट्रैफिक जाम

किसान फसलों के न्यूनतम सर्मथन मूल्य, बेरोज़गारी, गन्ने की बकाया राशि के भुगतान, देश के सभी किसानों की कर्ज़ माफ़ी जैसी कई मांगों पर यह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मोर्चा का यह कार्यक्रम एक दिनी है और इसकी तैयारी काफी पहले से कर ली गई थी। किसान मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि उनका यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन है।  जंतर मंतर पर यह पंचायत सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जानी है। इस पंचायत के समापन के बाद महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि सरकार किसी भी तरह का व्यवधान डालने का प्रयास करेगी तो उसके लिए सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी. दरअसल किसान पंचायत की तरफ से कई मांगे की जा रही है. जिनमें एक प्रमुख मांग ये है कि लखीमपुर खीरी नरसंहार के पीड़ित किसान परिवारों को न्याय , किसान आंदोलन के दौरान जेलों में बंद किये गए किसानों की रिहाई और लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के के लिए केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गिरफ्तारी की मांग है।

दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह 10 बजे से जंतर मंतर पर किसान महापंचायत शुरू होगी, जिसमें करीब 4-5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। नतीजतन टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ, विंडसर प्लेस, कनॉट प्लेस, अशोक रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, पंडित पंत मार्ग समेत आस-पास के कई रास्तों पर दिनभर यातायात में रुकावट बनते रहने की संभावना है।

 

 



Related






ताज़ा खबरें