कानून व्यवस्था! पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी किया वायरल


पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटे जाने पर कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, पुलिस ने काफी देर तक नहीं की कार्रवाई


DeshGaon
उनकी बात Published On :
वीडियो से ली गई तस्वीर


भोपाल। प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक और गंभीर घटना सामने आई है। यहां नर्मदापुरम जिले के माखननगर में एक एक स्थानीय पत्रकार  को पेड़ से बांधकर पीटा गया। इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया गया। जो सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। जब इस घटना के बाद पत्रकार थाने पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट तो लिख ली लेकिन कार्रवाई नहीं की। हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। माखननगर का नाम महान कवि और पत्रकार रहे माखनलाल चतुर्वेदी के नाम पर रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पत्रकार का नाम प्रकाश यादव है जो 25 जनवरी को घटना के दिन ही अपनी बाइक से कोटेगांव से लौट रहा था। इस दौरान उसका नारायण यादव से विवाद हो गया। विवाद बेलिया पुल नाम के एक स्थान पर हुआ है। इस दौरान आरोपी नारायण यादव के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। नारायण ने पत्रकार के साथ अभद्रता करते हुए उसे मारना शुरु कर दिया। इस दौरान उसे पेड़ से बांध कर पीटा गया। यहां आरोपियों ने अपने इस कारनामे का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

पीड़ित पत्रकार प्रकाश यादव इसके बाद थाने पहुंचे और पुसिस से इसकी शिकायत की। हालांकि इस मामले में पुलिस ने काफी देर तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ़ सामान्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सामान्य धारा 294, 323,506 और 34 में केवल 3 आरोपी पर केस दर्ज किया।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्विटर पर इस विषय को उठाया। इसके बाद पुलिस पर दबाव बनता रहा और पुलिस ने आरोपियों पर धाराएं बढ़ा दी। टीआई प्रवीण कुमरे के मुताबिक इस मामले में नारायण यादव, नरेंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव के अलावा तीन और आरोपी हैं जिनके खिलाफ  342, 147 धारा बढ़ाई गई हैं। सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले पुलिस ने घटना के बारे में पूछे जाने पर कई मीडियाकर्मियों को भी धमकी भरे अंदाज़ में जवाब दिये।  स्थानीय जानकारी के अनुसार आरोपी नारायण यादव क्षेत्र में दंबंग है और इसी के चलते पुलिस भी उसका साथ देती नज़र आ रही थी।

 

 



Related