बजरंगियों ने गौ तस्करी के शक में दो आदिवासियों को पीट-पीट कर मार डाला


कांग्रेस ने इस घटना को प्रदेश में जंगलराज कहकर पुकारा है, पुलिस के मुताबिक हत्या के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं


DeshGaon
उनकी बात Published On :

भोपाल। बजरंग दल कार्यकर्ताओं की क्रूरता एक बार फिर सामने आई है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गौवंश की तस्करी के संदेह में दो आदिवासी युवकों की हत्या कर दी और तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। हत्याओं से आक्रोशित आदिवासियों ने कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया के साथ हाइवे जाम कर दिया।

सिवनी जिले का सिमरिया गांव बजरंग दल कार्यकर्ताओं की बबर्रता का गवाह बना। बताया कि मंगलवार तड़के गौवंश की तस्करी के संदेह पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी युवकों की पिटाई शुरू कर दी। जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुँचती बजरंगियों ने आदिवासियों को बेदम कर दिया था। पुलिस ने गंभीर अवस्था में तीनों आदिवासियों को अस्पताल पहुंचाया जहाँ दो युवकों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना को जंगलराज करार दिया है।

मारपीट में घायल आदिवासी ब्रजेश के मुताबिक बजरंग दल के करीब दो दर्ज़न कार्यकर्ताओं ने देर रात आदिवासी युवकों धानशा इनवाती और सम्पत वट्टी को घेर कर पीटना शुरू कर दिया। ब्रजेश बीच बचाव करने पहुंचा तो एक आरोपी शेर सिंह राठौर ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं के तेवर ढीले पड़े।

मौके पर पहुँची पुलिस घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची जहां धानशा इनवाती और सम्पत वट्टी की मौत हो गई। इधर दो आदिवासियों की हत्या की खबर लगते ही ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने नेशनल हाइवे 44 पर जाम लगा दिया। कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया भी अस्पताल पहुंचे और फिर ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा के साथ हत्या और SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना कि अन्य आरोपी की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

 

साभार: जोश होश मीडिया

 



Related