इंदौर-अहमदाबाद पर बनेंगे 160 करोड़ के 6 फ्लाईओवर, धार जिले में सुगम होगा यातायात


धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर 160 करोड़ की लागत से 6 फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज बन रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।


आशीष यादव
धार Published On :

इंदौर से अहमदाबाद की ओर यात्रा करने वाले लोगों को अब ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है। धार जिले की सीमा में इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर करीब 160 करोड़ रुपये की लागत से छह बड़े फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इस परियोजना के पूरा होने के बाद इस व्यस्त रूट पर वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

 

नेशनल हाईवे 59 पर धार जिले के पानखेड़ी, जेतपुरा, लबरावदा फाटा, मांगोद फाटा और राजगढ़ चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इनका फिजिबिलिटी सर्वे पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। रेलवे के दो ब्रिज—गुणावद और धार पर पहले से ही काम जारी है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा पाँच अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिनका कार्य भी अगले एक महीने में शुरू होने की संभावना है।

 

रेलवे प्रोजेक्ट में भी रफ्तार इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत धार से टीही के बीच रेलवे पटरी बिछाने और ओवरब्रिज निर्माण का कार्य भी तेजी से जारी है। लगभग 40 किलोमीटर तक पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इस मार्ग पर कुल सात रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बन रहे हैं, जिनमें से अधिकांश का कार्य अक्टूबर 2025 तक पूरा हो जाएगा। इनमें सिक्स लेन, फोरलेन और टू लेन ओवरब्रिज शामिल हैं।

 

  • भाटखेड़ी-पीथमपुर रोड: टू लेन ओवरब्रिज का पूरा कार्य पूर्ण हो चुका है।
  • सागौर ग्रामीण मार्ग: फोरलेन ओवरब्रिज का 65% कार्य हो चुका है।
  • सागौर यार्ड रोड: टू लेन ओवरब्रिज का 80% कार्य पूरा।
  • लेबड़-मानपुर रोड: फोरलेन ओवरब्रिज का 65% कार्य प्रगति पर।
  • गुणावद NH-59 पर सिक्स लेन ओवरब्रिज: 60% कार्य पूर्ण।

 

नौगांव फोरलेन बायपास पर सिक्स लेन ओवरब्रिज: 70% कार्य पूरा।

ट्रैफिक जाम से निजात इस हाईवे पर हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें भारी वाहनों से लेकर निजी गाड़ियाँ और ट्रैवल बसें शामिल हैं। शहरों के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या आम है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। लेकिन अब फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण से इन समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर ग्रामीण इलाकों से धार आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

 

रेल संचालन की उम्मीद रेलवे अधिकारियों के मुताबिक धार-टीही सेक्शन का करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उम्मीद की जा रही है कि 2026 के अंत तक धार से इंदौर के बीच रेल संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

निर्माण का जिम्मा सिलिका फ्यूम्स कंपनी को धार जिले की सीमा में बनने वाले फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण कार्य सिलिका फ्यूम्स नामक कंपनी को सौंपा गया है। कंपनी अगले एक महीने में कार्य प्रारंभ करेगी। निर्माण कार्य में आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

 


Related





Exit mobile version