रेबीज इंजेक्शन खोजता रहा पद्मश्री डॉक्टर का परिवार, मांडू की स्वास्थ्य व्यवस्था बेनकाब


मांडू में पद्मश्री डॉक्टर सुब्रतो राय की पत्नी को कुत्ते ने काटा, लेकिन अस्पताल में रेबीज इंजेक्शन नहीं मिला। जानिए इस शर्मनाक स्वास्थ्य व्यवस्था की पूरी कहानी।


आशीष यादव
धार Updated On :

मांडू जैसे ऐतिहासिक पर्यटन स्थल पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल एक बार फिर खुल गई है। इस बार मामला सामान्य नागरिक का नहीं, बल्कि देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर सुब्रतो राय और उनकी पत्नी से जुड़ा है। मांडू भ्रमण पर आए डॉक्टर राय की पत्नी को एक आवारा कुत्ते ने काट लिया, लेकिन जब रेबीज इंजेक्शन के लिए वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो स्टाफ ने उन्हें खाली हाथ लौटा दिया। बाद में मीडिया के हस्तक्षेप से ही इंजेक्शन लग सका।

 

इलाज के लिए भटके ‘हाईवे के मसीहा’

डॉक्टर सुब्रतो राय देशभर में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा और दुर्घटना सहायता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 108 एम्बुलेंस सेवा के विस्तार में भी बड़ी भूमिका निभाई है और आज तक हजारों लोगों की जान बचाई है। दुर्भाग्यवश, उन्हें ही मांडू जैसे पर्यटन नगरी में अपनी पत्नी के इलाज के लिए एक कमरे से दूसरे कमरे भटकना पड़ा।

 

अस्पताल ने पहले कहा – “रेबीज इंजेक्शन नहीं है”

डॉक्टर राय की पत्नी सुषमा राय जब अस्पताल पहुंचीं तो स्टाफ ने जवाब दिया कि रेबीज इंजेक्शन नहीं है, और उन्हें नालछा जाने की सलाह दी गई। जब डॉक्टर राय और पत्रकारों ने सवाल उठाए, तो डॉक्टर ने स्टाफ से पूछताछ की और पता चला कि इंजेक्शन अस्पताल में ही उपलब्ध था। इसके बाद जाकर सुषमा राय को टीका लगाया गया। डॉक्टर का जवाब था – “मुझे जानकारी नहीं थी कि इंजेक्शन स्टॉक में है।”

 

मांडू पर्यटन स्थल, लेकिन सुविधाएं शून्य

डॉक्टर राय ने इस पूरे अनुभव को दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि मांडू जैसे बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल पर अगर किसी को बुनियादी चिकित्सा सुविधा के लिए भटकना पड़े, तो यह व्यवस्था की असफलता है।

 

लाखों के कागज़ी बिल, लेकिन ज़मीनी हकीकत – ‘वेंटिलेटर पर स्वास्थ्य’

मांडू में आवारा कुत्तों का आतंक कोई नई बात नहीं है। नगर परिषद और प्रशासन ने इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। स्कूलों के छात्र, दुकानदार और स्थानीय नागरिक लगातार इन जानवरों से परेशान हैं। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग लाखों के खर्च दिखाता है, लेकिन फील्ड पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक में आवश्यक इंजेक्शन तक नहीं मिलते।


Related





Exit mobile version