चार और पांच साल की बच्चियों से दुष्कर्म, एक की कर दी हत्या

भोपाल। प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध चरम पर हैं। इस बीच छोटी बच्चियों पर भी अपराधों में तेज़ी आई है। अब मुरैना और रीवा में पांच और चार साल की बच्चियों से दुष्कर्म किया गया है।

भोपाल। प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध चरम पर हैं। इस बीच छोटी बच्चियों पर भी अपराधों में तेज़ी आई है। अब मुरैना और रीवा में पांच और चार साल की बच्चियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक मामले में आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी वहीं दूसरी पीड़िता की अस्पताल में है।

मुरैना जिले के सबलगढ़ में एक पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है।  मामले में आरोपी एक 32 वर्षीय युवक है जो बच्ची की ही ताई से दुष्कर्म के मामले में बीस दिन पहले ही जमानत पर छूटकर आया है। बच्ची के गायब होने के बाद परिजन दो घंटे तक बच्ची को खोजते रहे। काफी खोजबीन के बाद उन्हें बच्ची घर से दो सौ मीटर दूर सरसों के खेत में लहूलुहान हालत में मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बंटी रजक को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची की बहन ने पुलिस को बताया कि आरोपी बंटी बच्ची को चॉकलेट दिलाने का लालच देकर दुकान की तरफ ले गया था। यहां से वह उसे  खेत की ओर ले गया। जब बच्ची दो घंटे तक नहीं लौटी तो दादा-दादी ने पोती की तलाश की। बाद में बच्ची का शव खेत में मिला। मामले की खबर सबलगढ़ पुलिस को दी गई। सबलगढ़ पुलिस के टीआई नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर कई निशान मिले हैं। बच्ची के माता-पिता रोज़गार के चलते जयपुर में रहते हैं और उनकी दोनों  बेटियां अपने दादा-दादी के पास रहती हैं।

दूसरी घटना रीवा जिले के नईगढ़ी क्षेत्र में हुई है। जहां चार साल बच्ची से दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने आरोपी संदीप पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को जिला चिकित्सालय रीवा में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा बताया गया है कि आरोपी युवक गुरुवार शाम  बच्ची को छत पर ले गया, जहां उसने घटना को अंजाम दिया। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत अब ठीक बताई जा रही है।

First Published on: February 5, 2021 7:15 AM