टिकट वितरण में कांग्रेस आगे, जिले की सातों विधानसभाओं पर प्रत्‍याशी तय, भाजपा के लिए तीन टिकट बने चुनौती

धार से प्रभा गौतम, मनावर से हीरालाल अलावा व बदनावर से पूर्व विधायक भंवरसिंह शेखावत को मिला टिकट

कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों को लेकर टिकट फाइनल कर दिए है। इसमें धार जिले की तीन शेष बची विधानसभाओं के लिए भी उम्‍मीदवार तय कर दिए गए है। धार सहित मनावर और बदनावर में प्रत्‍याशियों को टिकट फाइनल कर जीत की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है। धार से प्रभा गौतम व बदनावर से पूर्व विधायक भंवरसिंह शेखावत को प्रत्‍याशी बनाया गया है। जबकि मनावर से मौजूदा विधायक व जयस संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा को टिकट दिया है।

जिले की सातों विधानसभाओं पर कांग्रेस ने प्रत्‍याशी फाइनल कर दिए है। भाजपा प्रत्‍याशी तय करने में पिछड़ गई है। जबकि टिकट जारी करने की शुरूआत भाजपा ने ही की थी। तीन माह पहले ही भाजपा ने धरमपुरी और कुक्षी से नाम तय कर दिए थे। लेकिन इसके बाद अब तक धार, सरदारपुर और मनावर का टिकट भाजपा तय नहीं कर पाई है।

जिले की सात विधानसभाओं पर कांग्रेस केे प्रत्‍याशी तय हो चुके है। कांग्रेस की अंतिम सूची गुरुवार देर रात करीब 12 बजे जारी की गई थी। इसमें धार से प्रभा गौतम को दूसरी बार मौका मिला है। जबकि मनावर की सीट इस बार भी जयस के खाते में गई है। जयस संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा को दूसरी बार टिकट दिया है।

मनावर से डॉ. अलावा दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे। जबकि बदनावर से पूर्व विधायक भंवरसिंह शेखावत को टिकट मिला है। शेखावत भाजपा से दो माह पहले ही कांग्रेस में आए है। उन्‍होंने पिछला चुनाव बदनावर में ही राजवर्धन दत्‍तीगांव के सामने लड़ा था। इस बार भी दोनों पुराने प्रतिद्वंदी आमने-सामने रहेंगे।

भाजपा के लिए तीन सीट चुनौती: टिकट वितरण में कांग्रेस ने सारी चुनौतियां खत्‍म कर ली है। जबकि भाजपा के लिए अब भी तीन सीट परेशानी का कारण बनी हुई है। इनमें धार, सरदारपुर और मनावर शामिल है। धार से मौजूदा विधायक नीना वर्मा को पार्टी हाईकमान से दिल्‍ली से हरी झंडी जरूर दे दी है। लेकिन लिस्‍ट अटकी होने से स्थिति असमंजस की बनी हुई है। हालांकि धार से नीना वर्मा का नाम तय माना जा रहा है। जबकि सरदारपुर से पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया या उनकी पत्‍नी जमना भूरिया को टिकट मिलने की चर्चा है।

सरदारपुर से पूर्व मंत्री रंजना बघेल का नाम सामने आने के बाद टिकट की घोषणा अटक गई थी। पार्टी चाहती थी कि पूर्व मंत्री बघेल सरदारपुर से चुनाव लड़े। लेकिन उन्‍होंने सरदारपुर से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। इस कारण अब पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया को ही टिकट देने पर सहमति बन रही है। मनावर से पूर्व मंत्री रंजना बघेल टिकट की मांग कर रही है। लेकिन अब तक टिकट फाइनल नहीं हो पाई है।

First Published on: October 21, 2023 12:33 AM