इंदौर। मध्यप्रदेश भाजपा के नेता और विदिशा जिले के पूर्व विधायक मोहर सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और भोपाल में उनका इलाज चल रहा था।
मोहर सिंह लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। ठाकुर मोहर सिंह दांगी समाज के दिग्गज नेता भी थे। वे दांगी क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष भी थे। उनके निधन की खबर से विदिशा जिले में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोहर सिंह दांगी के निधन पर शोक जताया है।
मन व्यथित है। दु:ख और पीड़ा से भरा हुआ है! @BJP4MP के हमारे साथी, चार बार के विधायक रहे, विदिशा के लोकप्रिय जननेता श्री ठाकुर मोहर सिंह दांगी जी हमें छोड़कर चले गये।
ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों व चाहने वालों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
।ॐ शांति।— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 4, 2021
मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता मोहर सिंह दांगी को याद करते हुए एक के बाद एक कई ट्वीट किए। उन्होंने दांगी के द्वारा विदिशा जिले की जनता के लिए किए जा रहे अच्छे कार्यों को भी याद किया।
आदरणीय ठाकुर मोहर सिंह दांगी जी ने विदिशा के विकास और जनता के कल्याण के लिए अनेक उत्कृष्ट कार्य और प्रयास किये। उनका सम्पूर्ण जीवन जनसेवा में व्यतीत हुआ।
वे समाज, प्रदेश और राष्ट्र की उन्नति के लिए किये अपने कार्यों के लिए सदैव याद किये जायेंगे। चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 4, 2021
विदिशा के विकास के लिए समर्पित रहने वाले मोहर सिंह बेहद सहज,सरल और हंसमुख स्वभाव के थे। लगातार चार बार विधायक रहते हुए उन्होंने विदिशा को भाजपा का गढ़ बनाने में अहम योगदान दिया। उनकी पत्नी सुशीला ठाकुर भी एक बार विधायक रहीं हैं।
बीते दो दिनों में भाजपा ने अपने दो बड़े नेताओं को खो दिया है। मंगलवार को जहां सांसद और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हुआ था और अब मोहर सिंह नहीं रहे।