छत्‍तीसगढ़ः सीएम बघेल ने कहा- सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदेंगे

किसानों की इस समस्या को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के हर पंजीकृत किसान से धान खरीदी करने का वादा किया है।

cg cm bhupesh baghel

रायपुर। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में खराब मौसम की वजह से धान खरीदी बंद है और खरीदी के लिए निर्धारित समय सीमा 31 जनवरी को समाप्त हो जाएगी।

31 जनवरी को खत्म हो रही धान खरीदी की समयसीमा की वजह से कई किसानों में चिंता है क्योंकि उनके धान की खरीदी अभी तक नहीं हुई है।

किसानों की इस समस्या को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के हर पंजीकृत किसान से धान खरीदी करने का वादा किया है।

सीएएम बघेल ने कहा है कि बीते कुछ दिनों से मौसम ठीक नहीं होने की वजह से राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की स्थिति प्रभावित हुई है। इसे लेकर किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। मौसम ठीक होते ही उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी में तेजी लाई जाएगी।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए सीएम बघेल ने कृषिमंत्री रविंद्र चौबे के साथ धान उपार्जन की व्यवस्था की समीक्षा की और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा।

इसके लिए उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था को और अधिक विस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम खुलते ही किसानों से तेजी से धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सीएम बघेल ने कहा कि राज्य में धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी है। सरकार की यह कोशिश होगी की इस अवधि में शत-प्रतिशत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर पूरी कर ली जाए।

उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी के निर्धारित अवधि को बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

First Published on: January 15, 2022 6:43 PM