कमलनाथ समेत कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा स्थित गांधी प्रतिमा के सामने दिया मौन धरना

केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ और दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में सोमवार को विधानसभा परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष सांकेतिक मौन धरना दिया।

kamalnath-gandhi-protest

भोपाल। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ और दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में सोमवार को विधानसभा परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष सांकेतिक मौन धरना दिया।

धरने के पूर्व नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौन धरने के दौरान कांग्रेस विधायकों ने हाथों में ट्रैक्टर के पुतले ले रखे थे।

किसानों के समर्थन में कांग्रेस का आंदोलन सतत जारी रहेगा। कांग्रेस किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ है। मौजूदा समय में बहुत सी पार्टियां राष्ट्रवाद की बात करती हैं, लेकिन उनके यहां पर एक भी स्वतंत्रता सेनानी नहीं दिखता। ये तो सिर्फ कांग्रेस में दिखते हैं।

कांग्रेस के कुछ नेताओं का पहले यह प्लान था कि असल ट्रैक्टर से ही घेराव किया जाएगा। इसकी तैयारी भी हो गई थी, लेकिन ऐनवक्त पर मौन धरने के ऐलान ने कार्यकर्ताओं का जोश भी ठंडा कर दिया।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि सरकार में आने पर हम ऐसा कानून लाएंगे की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम पर बिक ही नहीं पाएगी।

कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हित में कदम उठाए हैं और किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है। कार्यक्रम के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल ने किसानों के समर्थन में मार्च निकाला।

First Published on: December 28, 2020 2:20 PM