कमलनाथ व दिग्‍विजय बोले – बंद नहीं हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रताड़ना तो भर देंगे जेल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि राजनीतिक आधार पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

kamalnath and digvijay singh

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को जिला प्रभारियों की हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि राजनीतिक आधार पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह दमनचक्र नहीं रोका तो हम प्रदेश की जेलों को भर देंगे। कमलनाथ ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई कि विधायक और जिला प्रभारी मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में हमारी जीत नहीं होगी। हमारा मुकाबला भाजपा के संगठन से है।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं भारत जोड़ो यात्रा में था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का आदेश हुआ कि आपको सागर जाना है तो मैं वहां पहुंचा। कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मिला।

उन्होंने कहा कि हर जिले में दो-दो वकीलों का पैनल बनाया जाएगा, जो न्यायालय में कार्यकर्ताओं और स्वजन के प्रकरण निश्शुल्क लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी झूठे मुकदमे बना रहे हैं। यदि कोई कार्यकर्ता किसी कांग्रेस नेता का स्वागत कर देता है तो भाजपा के नेता उसके पीछे पड़ जाते हैं। हमें कार्यकर्ताओं की ढाल बनना है और जरूरत पड़ी तो जेल भी भरेंगे।

मतदाता सूची के काम पर ध्यान दें विधायक व जिला प्रभारी – 

दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मतदाता सूची के काम पर ध्यान देने की बात करते हुए कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। भाजपा के लोग सुनियोजित तरीके से गड़बड़ी करा रहे हैं। इस काम पर सर्वाधिक ध्यान देने की जरूरत है। विधायक और जिला प्रभारी इसे गंभीरता से लें।

उन्होंने यह भी कहा कि ये गुजरात या हिमाचल प्रदेश नहीं है। मध्यप्रदेश की तस्वीर अलग है। यहां मतदाता कांग्रेस को चाहते हैं। हमारी सरकार बन सकती है। अब सारे काम छोड़कर तैयारियों में जुट जाओ।

कमलनाथ ने जिला प्रभारियों को दिया फ्री-हैंड – 

कमलनाथ ने प्रभारियों को फ्री-हैंड देते हुए कहा कि हमने आप पर भरोसा किया है। जब जिले में जाएं तो किसी का व्यक्ति नहीं, कांग्रेस का प्रतिनिधि बनकर जाएं। आप जो रिपोर्ट देंगे, उसके आधार पर हम निर्णय करेंगे। आठ जनवरी को फिर आपके साथ बैठूंगा और एक-एक जिले की स्थिति लेकर बात करेंगे।

सीएम से मुलाकात कर कांग्रेसी नेताओं ने जताई आपत्ति – 

कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने रविवार को सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर सागर, दतिया, टीकमगढ़ सहित अन्य जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई।

सीएम से मुलाकात में इन नेताओं ने कहा कि हमने अपने राजनीतिक जीवन में दलीय आधार पर कभी बदले की भावना से काम नहीं किया। झूठे मामलों की विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर जांच कराई जाए। इसमें भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य विधायकों को शामिल किया जाए और इसकी रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाए।

First Published on: December 18, 2022 4:04 PM