धार: कुक्षी में जर्जर मकान की दीवार गिरने से चार मजदूरों की मौत, सीएम ने जताया शोक

dhar wall collapse

हादसे को लेकर पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ का ट्वीट, पीडितों की हरसंभव मदद करे सरकार।

धार/कुक्षी। शहर के कचहरी चौक में एक निर्माणाधीन मकान के पास जर्जन मकान की दीवार गिरने से शुक्रवार को चार मजदूरों की मौत हो गई।

एसडीओपी, पुलिस और नगर परिषद का अमला भी मौके पर पहुंचा जिन्‍होंने दबे हुए लोगों को मलबे से निकालने का प्रयास किया।

मौके पर ही तीन मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि एक गंभीर घायल को एबुलेंस की मदद से बड़वानी रेफर किया गया, लेकिन उसकी भी अस्पताल पहुंचने तक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, कुक्षी के कचहरी चौक स्थित एक निर्माणधीन मकान के पास बने जर्जर मकान की दीवार करीब साढ़े चार बजे भरभरा कर गिर गई जिसके मलबे में चार मजदूर दब गए।

मलबे में दबने से गोविंद (32 वर्ष) पिता कालू ग्राम खेडली, रूप सिंह (35 वर्ष) पिता दरियाव सिंह ग्राम प्लासी, राकेश पिता नारायण ग्राम प्लासी व चैन सिंह पिता भेरू सिंह बामनीया ग्राम अमलाल की मृत्यु हो गई।

चैन सिंह पिता भेरू सिंह बामनीया ग्राम अमलाल को घायलावस्था में बड़वानी रेफर किया गया था, लेकिन उसकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। मकान की दीवार गिरने से कचहरी चौक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तत्काल मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास किया। घटनास्थल पर एसडीओपी बीलवाल सिंह पुलिस दल-बल के साथ पहुंचे।

तहसीलदार और नगर परिषद की टीम ने लोगों की मदद से दबे हुए लोगों को निकाला जिन्हें एंबुलेंस के जरिये सिविल अस्पताल तक ले जाया गया।

घटना पर सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताते हुए ट्वीट किया धार के कुक्षी नगर में निर्माणाधीन मकान के समीप की दीवार ढहने से हुई दुर्घटना में श्रमिक बंधुओं के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ।। ॐ शांति ।।

पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने किया ट्वीट –

कुक्षी की घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने भी एक ट्वीट किया है जिसमें उन्‍होंने हादसे पर दुःख जताते हुए सरकार से पीड़ितों की हरसंभव मदद करने की बात कही है।

First Published on: September 30, 2022 7:05 PM