घर के बाहर सो रहे नाना-नातिन पर तेंदुए ने किया हमला, घरवालों ने घर में किया कैद

जैसे ही तेंदुआ मकान में गया परिवार के स्वजनों ने मकान का दरवाजा बंद कर तेंदुए को मकान में घेर दिया। इधर सूचना पर वन विभाग की एक टीम जिला अस्पताल पहुंची।

dhar leopard attack

धार। नालछा के पास हैदरी में शनिवार सुबह सात बजे घर के बाहर सो रहे परिवार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसमें एक पुरुष व एक बच्ची घायल हुई है।

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया जहां उनका उपचार कर भर्ती किया गया है। गनीमत रही कि दोनों मरीज में से कोई भी गंभीर घायल नहीं है।

जानकारी के अनुसार छगन 56 साल अपनी पत्नी व नाती साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। पहले तेंदुए ने पत्नी पर हमला किया लेकिन पत्नी ने दौड़ लगा दी जिसके बाद तेंदुए ने छगन पर हमला कर दिया।

करीब तीन मिनट तक छगन ने तेंदुए के साथ संघर्ष किया। इसमें छगन के दाढ़, होंठ व जुबान में चोट आई जबकि छाती पर पंजे के निशान लगे हैं। इसी बीच तेंदुए ने छगन को छोड़कर नौ साल की बालिका मनीषा पर हमला कर दिया।

इसमें मनीषा के दाहिनी आंख में चोट आई है। परिवार की आवाज सुन आसपास के लोग आए और तेंदुए को भगाने की कोशिश की जिसमें तेंदुआ छगन के मकान में चला गया।

जैसे ही तेंदुआ मकान में गया परिवार के स्वजनों ने मकान का दरवाजा बंद कर तेंदुए को मकान में घेर दिया। इधर सूचना पर वन विभाग की एक टीम जिला अस्पताल पहुंची।

परिक्षेत्र सहायक नीमखेड़ा एवं स्टाफ नवलसिंह नरगेश ने बताया कि हमने टीम को गांव में भेज दिया है। वहीं रेस्क्यू के लिए इंदौर से टीम निकल चुकी है।

तेंदुए के मकान के अंदर जाने से बड़ा हादसा टला –

छगन की पत्नी ने बताया कि जैसे ही तेंदुए ने हमला किया उस समय हमें कुछ समझ नहीं आया। हम दोनों पति-पत्नी ने संघर्ष कर बच्ची को तेंदुए से छुड़वाया। हालांकि हमारी मदद के लिए आसपास के लोग भी आ गए थे।

उन्होंने बताया कि जैसे ही बच्ची को तेंदुए ने छोड़ा। लोगों की आहट से तेंदुआ मकान का दरवाजा खुला होने से मकान में चला गया। तुरंत ही हमने दौड़कर मकान के दरवाजे को लगा दिया।

उन्होंने बताया कि अगर तेंदुआ मकान में नहीं जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं गांव में सुबह-सुबह घटना होने से दहशत का माहौल है।

डॉक्टर ने बताया- गंभीर नहीं है चोट

जिला अस्पताल के ड्यूटी डाक्टर राजेंद्र वर्मा ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमला करने वाला तेंदुआ है या अन्य जीव। परिवार के अनुसार तेंदुआ बताया गया है। घटना में छगन को दाढ़, होंठ व जुबान में चोट आई है। साथ ही छाती व जांघ पर पंजे के निशान लगे हैं। मनीषा के दाहिनी आंख में चोट आई है। दोनों मरीज का सामान्य उपचार कर भर्ती कर दिया है।

First Published on: June 11, 2022 1:51 PM