भिंड के राजेंद्र गुर्जर भी कांग्रेस छोड़ पहुंचे भाजपा

भोपाल। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महासचिव राजेंद्र गुर्जर ने अब अपना दल बदलकर भाजपा की सदस्यता ली है। बुधवार को उन्होंने दिल्ली में सिंधिया के सामने भाजपा की सदस्यता स्वीकार की। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ. एनपी पटेल भी पार्टी छोड़ चुके हैं।

दल-बदल का सिलसिला दोनों ओर जारी है लेकिन फिर भी भाजपा अपने नेताओं को बचाने में कांग्रेस से ज्यादा कामयाब रही है। कांग्रेस पार्टी से अब तक कई नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इनमें ग्वालियर कांग्रेस के पंकज शर्मा, किसान कांग्रेस के महामंत्री रमेश चंद्र शर्मा भी हैं। कांग्रेस को यह झटका उपचुनाव से ठीक तीन हफ्ते पहले लगा है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ को दिए अपने इस्तीफे में राजेंद्र गुर्जर ने कांग्रेस के द्वारा उपचुनाव के टिकिटों के बटवारे में गुर्जर समाज की अनदेखी के चलते यह कदम उठाया है। उन्होंने कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महासचिव पद से भिंड जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है।

First Published on: October 14, 2020 5:04 PM