सोती हुई बीवी पर मजदूर पति ने डाला खौलता पानी, हालत गंभीर

थाटीपुर सुरेश नगर सरकारी मल्टी में सोमवार की सुबह मजदूरी का काम करने वाले बांकेलाल नामक शख्स ने अपनी सो रही पत्नी सीमा (35 वर्ष) पर खौलता पानी डाल दिया, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई।

hot water

ग्वालियर। शहर के थाटीपुर सुरेश नगर सरकारी मल्टी में सोमवार की सुबह मजदूरी का काम करने वाले बांकेलाल नामक शख्स ने अपनी सो रही पत्नी सीमा (35 वर्ष) पर खौलता पानी डाल दिया, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जब घर के अंदर आए तो हैरान रह गए। फौरन पीड़ित महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताया है।

घटना के संबंध में जानकारी मिली है कि आरोपी पति एक मजदूर है, जो कई दिनों से काम नहीं मिलने की वजह से परेशान चल रहा था। उसकी बेरोजगारी की वजह से हफ्ते भर से घर में उसका पत्नी से झगड़ा हो रहा था।

थाटीपुर थाना प्रभारी आरवीएस विमल ने बताया कि

एक युवक ने अपनी पत्नी पर खौलता पानी डाला है। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। आरोपी पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपी बांकेलाल घटनास्थल से फरार हो गया। घटना के बाद से उनके तीन बच्चे दहशत में हैं।

First Published on: October 26, 2020 4:42 PM