इंदौरः पॉश कॉलोनी में बारह सुरक्षाकर्मी फिर भी इंजीनियर के घर हो गई डकैती

कॉलोनी में लगभग 12 सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने यहां इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। वहीं कॉलोनी में लगे कैमरे अधिकतर बंद हैं।

indore-docaity

इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के ओमेक्स हिल्स कॉलोनी के एक मकान में डकैती की घटना हुई है। जिस घर में डकैती हुई है वह एक इंजीनियर का है।

घटना को पांच से छह नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाशों ने उनके परिवार को बंधक बनाकर डकैती की। इस दौरान परिवार के तीन सदस्यों पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, ओमेक्स हिल्स कॉलोनी में देर रात पांच से छह अज्ञात बदमाश इंजीनियर गौरव त्यागी के घर में घुसे और परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

परिवार के शोर मचाने पर बदमाशों ने लोहे की रॉड और पत्थरों से परिवार के सदस्य पर हमला बोल दिया। घटना में इंजीनियर गौरव, उनकी पत्नी और उनका साला घायल हो गया जिसमें उनकी पत्नी और उनके साले की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं आरोपी घर में रखे सोने चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी मनीष कपूरिया और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।

फिलहाल बताया जा रहा है कि कॉलोनी में लगभग 12 सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने यहां इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया।

वहीं कॉलोनी में लगे कैमरे अधिकतर बंद हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

First Published on: March 12, 2021 2:33 PM