खरगोनः अवंती सूत मिल में घुसा तेंदुआ, काम कर रहे श्रमिक पर किया हमला

जिले के सनावद की अवंती सूत मिल में गुरुवार तड़के एक तेंदुआ घुस आया और उसने मिल के एक बुजुर्ग कर्मचारी पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

khargone-awanti

– कर्मचारी के गले में आई चोट, रेस्क्यू टीम कर रही है तेंदुए को पकड़ने का प्रयास।
खरगोन। जिले के सनावद की अवंती सूत मिल में गुरुवार तड़के एक तेंदुआ घुस आया और उसने मिल के एक बुजुर्ग कर्मचारी पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

अचानक सामने खड़े तेंदुए को देखकर पूरा स्टाफ स्तब्ध रह गया। तेंदुआ शोर-गुल के बीच मशीनों के पीछे जा छुपा। इसके बाद सुबह 10 बजे तक तेंदुआ दिखाई नहीं दिया।

समाचार लिखे जाने तक तेंदुए को पकड़ने के लिए सनावद-बड़वाह की पुलिस, वन विभाग का अमला सहित इंदौर की टीम प्रयासरत रही।

अवनी सूत मिल प्रबंधक धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि

सुबह चार बजे सूचना मिली कि मिल के अंदर एक तेंदुआ घुस आया है। यह परिसर की पिछले हिस्से वाली दीवार को फांदकर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद सूत मिल के रिंग विभाग में अफरा-तफरी मच गई। उसी दौरान कर्मचारी कैलाश गणपति पर उसने अचानक हमला कर दिया, उसे गले में चोट आई है।

मिल का एक अन्य कर्मचारी जितेंद्र बिर्ला भगदड़ में घायल हुआ है। घायल कैलाश को जिला अस्पताल रेफर किया है। गुरुवार सुबह की शिफ्ट में सूत मिल के अंदर करीब 17 कर्मचारी कार्यरत थे।

कैलाश ने कहा कि

अचानक दिखा तेंदुआ तो सांसें तेज हो गई, कुछ समझ में नहीं आया। वह बार-बार पूंछ उठाकर गुर्राने लगा। अचानक पीछे दौड़ लगाई और अगले पंजों से गर्दन पर झपट्टा मार दिया। इससे वह घायल हो गया।

रेस्क्यू के लिए बुलाई इंदौर से टीम –

तेंदुए की सूचना लगते ही सूत मिल के आसपास भीड़ जमा हो गई। कोई बड़ा हादसा न हो इसके लिए सनावद-बड़वाह का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। वन विभाग की टीम भी रेस्क्यू में जुटी है।

तेंदुए को पकड़ने के लिए इंदौर से भी बल बुलाया गया है। सुबह 10 बजे तक तेंदुआ टीम के हाथ नहीं लगा था। उल्लेखनीय है कि नर्मदा पट्टी के जंगलों में तेंदुए की मौजूदगी है।

यह तेंदुआ संभवत: रास्ता भटककर शहर की ओर आया होगा। वन विभाग उसे फिलहाल पकड़ने के लिए मशक्कत कर रहा है जबकि वन विभाग के अफसर कह रहे हैं सूत मिल में तेंदुआ है या अन्य कोई जानवर इसकी पुष्टि मिलने के बाद ही होगी। जंगली कैट भी हो सकती है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

First Published on: January 28, 2021 7:12 PM