MP Bypolls: बदनावर में वोटिंग के पहले खूनी संघर्ष, भाजपा के छह कार्यकर्ता घायल

बदनावर में बीती रात पश्चिम क्षेत्र के ग्राम तिलगारा में भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच मतदान के पहले खूनी संघर्ष हुआ जिसमें छह भाजपा कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है।

badnawar clash

बदनावर (धार)। बदनावर में बीती रात पश्चिम क्षेत्र के ग्राम तिलगारा में भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच मतदान के पहले खूनी संघर्ष हुआ जिसमें छह भाजपा कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है।

पुलिस ने भाजपा नेताओं की शिकायत पर कांग्रेस पार्टी के छह लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

इस बारे में टीआई सीबी सिंह ने बताया कि रात में करीब एक बजे तिलगारा में दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने हो गए जिससे विवाद पैदा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई।

शिकायत के मुताबिक अभिषेक मोदी, निरंजनपाल सिंह पंवार, साजिद खान, अश्विन पाटीदार व दो अन्य लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इससे भाजपा पक्ष के ओम बना संदला, प्रदीपसिंह राठौर तारखेड़ी, रामेश्वर पाटीदार तिलगारा व जगदीश सेमल खेड़ा आदि घायल हो गए। इनमें ओम बना व प्रदीपसिंह को गंभीर चोट आने की वजह से बदनावर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरी तरफ, कांग्रेस पक्ष की ओर से भी भैंसोला चौकी पर मारपीट की शिकायत रिपोर्ट करने की जानकारी सामने आ रही है। इस घटना से राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

गांव में भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। इस चुनाव का यह पहला बड़ा विवाद सामने आया है। आशंका है कि इस घटना के कारण कल मतदान के दिन माहौल तनावपूर्ण रह सकता है।

कांग्रेस नेता व नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक टल्ला मोदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निरंजनसिंह पंवार, पूर्व पार्षद साजिद खान और कांग्रेस आईटी सेल जिलाध्यक्ष अश्विन पाटीदार इस मामले में आरोपी बनाए गए हैं।

First Published on: November 2, 2020 5:08 PM