मामूली से विवाद में व्यापारी की गोली मारकर हत्या

टीवी नहीं सुधारा था तो पूर्व सैन्य कर्मी को आ गया गुस्सा, लाइसेंसी बंदूक से कर दिए फायर, हत्या के बाद पत्नी को फोन पर बताया और किया सरेंडर, कहा स्ट्रेस में था इसलिए चलाई गोली

इंदौर।  महू शहर में सोमवार को एक युवक की मामूली विवाद पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी जयदीप सिंह परिहार ने एडिशनल एसपी के दफ्तर में जाकर सरेंडर कर दिया। मृतक का नाम नीलेश पिता मन्नू अग्रवाल है। श्याम विलास चौराहे पर हमलावर ने नीलेश पर चार बार फायर किया। घटना के बाद आरोपी ने कहा कि वह स्ट्रेस में था और इसलिए उसने गोली चलाई।

मृतक नीलेश

घटना के समय नीलेश अपनी इलेक्ट्रिकल की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी समय आरोपी जयदीप वहां पहुंचा और उसने अपने टीवी के बारे में पूछा। नीलेश ने काफी दिनों से जयदीप का टीवी नहीं सुधारा था जिससे वह नाराज था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और जयदीप ने उसे गोली मारने की धमकी दी और कुछ पलों में ही अपनी लाइसेंसी बंदूक से उस पर फायर कर दिए।

 

इसके बाद आसपास के लोगों ने नीलेश को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद से ही श्याम विलास चौराहे पर पुलिस और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

 

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक जयदीप ने अपना टीवी सुधारने के लिए नीलेश को करीब 2 महीने पहले दिया था लेकिन अब तक उसने टीवी सुधारा नहीं था इससे नाराज होकर जयदीप ने उस से भी बात किया और मामला नीलेश की हत्या तक पहुंच गया।

हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया भी कि उसने टीवी ना सुधारने पर व्यापारी की हत्या कर दी। बाद में पत्नी खुद भी अपने बेटे के साथ पुलिस कार्यालय पहुंची। आरोपी जयदीप की पत्नी से काफी बुरा भला कहते नजर आई। मामूली से टीवी पर हुए विवाद और फिजूल गुस्से के कारण दो परिवार बर्बाद हो गए।

 

 

एडिशनल एसपी शशिकांत कनकने ने बताया कि आरोपी जयदीप सिंह परिहार सेना से रिटायर्ड है और 2 सालों तक उसने पुलिस विभाग में भी धार जिले में सेवा दी है। अधिकारी के मुताबिक मामले में जांच फिलहाल जारी है।

First Published on: September 12, 2022 5:03 PM