सिवनी: धान दराई के दौरान राइस मिल की दीवार गिरी, दबने से दो मजदूरों की मौत

राइस मिल में शुक्रवार को दोनों मजदूर का पहला दिन था और पहले दिन ही हुए इस हादसे में मजदूरों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।

seoni rice mill wall collapse

सिवनी। सिवनी में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 44 आलोनिया के करीब नारायणगंज (कुर्रमाटोला) गांव में निर्माणाधीन राइस मिल की कमजोर दीवार पिलर सहित मशीनों पर गिर गई, जिससे मशीनों के नीचे काम कर रहे दो मजदूर दब गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले ही राइस मिल में सरकारी धान की दराई का काम प्रारंभ हुआ था। परिसर में चार राइस मिल यूनिट लगाई जा रही है जिनका अधिकांश काम अधूरा है।

दूसरी यूनिट में दराई मशीनें भी नहीं लगी हैं। ऐसे में बंकरनुमा कमरे में धान भरकर दराई का काम शुक्रवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच किया जा रहा था। इसी दरम्यान धान से भरे कमरे की एक दीवार मशीनों व मजदूरों पर आ गिरी।

दीवार गिरने के साथ कमरे में भरे धान ने मजदूरों सहित मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना देकर राइस मिल में कार्यरत कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना बंडोल का बल लेकर थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीनों की मदद से राइस मिल का धान व मलवा हटाने का काम शुरू किया गया।

मिल में काम कर रहे एक मृतक मजदूर गोविंद फूलसिंह बंजारा (32) का शव दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे दीवार व मशीन के बीच से बाहर निकाला जा सका। मृतक का शव पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

वहीं राइस मिल में काम कर रहे दूसरे मजदूर रामभरोस पुत्र बेनीराम उइके (35) के शव की तलाश जारी है। दोनों मजदूर नजदीकी ग्राम पंचायत आलोनिया के बोरिया गांव के निवासी हैं।

परिजनों के मुताबिक, राइस मिल में शुक्रवार को दोनों मजदूर का पहला दिन था और पहले दिन ही हुए इस हादसे में मजदूरों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।

मौके पर सिवनी एसडीओपी पारूल शर्मा, तहसीलदार पीयूष दुबे, नायब तहसीलदार रविंद्र पारधी, बंडोल थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर की उपस्थिति में ग्राम पंचायत, राजस्व व पुलिस बल को धान के ढेर में दबे मजदूरों का शव ढूंढने का काम जेसीबी मशीन की मदद से किया गया।

मिल में धान अधिक मात्रा में होने के कारण अमले को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। शवों को ढूंढने के लिए दो जेसीबी लगाकर मलवे व धान को घटनास्थल से हटाया जा रहा है।

बंडोल थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने बताया कि

राइस मिल का संचालन पंजाब करनाल निवासी चार लोगों द्वारा साझेदारी में मिलकर किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक मजदूर का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरे मजदूर के शव को तलाशा जा रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

First Published on: March 24, 2023 3:54 PM