मैहर की सीमेंट फैक्टरी में सब स्टेशन के पैनल में विस्फोट, तीन कर्मचारी झुलसे

फैक्टरी प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में तीनों घायलों को मैहर सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया।

maihar-cement-factory

photo courtsey_NaiDunia

सतना। सतना जिले के मैहर स्थित केजेएस सीमेंट फैक्टरी में गुरुवार की दोपहर सब स्टेशन के पैनल में विस्फोट हो गया। इस हादसे में कंपनी के तीन कर्मचारी झुलस गए जिन्हें गंभीर अवस्था में मैहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है।

केजेएस फैक्टरी में गुरुवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब फैक्टरी के अंदर सब स्टेशन पैनल में अचानक ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से तीन कर्मचारी गभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए।

फैक्टरी प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में तीनों घायलों को मैहर सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को केजेएस सीमेंट फैक्टरी मे शटडाउन का काम चल रहा था। उसी दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट बिजली की वजह से हुआ। घायल कर्मचारी इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे, जिनसे बिना सेफ्टी किट के काम कराया जा रहा था।

घायलों में उचेहरा के करही निवासी विपिन सिंह परिहार और उचेहरा के ही सौरभ सिंह हैं। इसके साथ एक शख्स और घायल है जिसका नाम अब तक सामने नहीं आ पाया है।

इस हादसे के बाद फैक्टरी प्रबंधन ने चुप्पी साध ली है और प्रबंधन द्वारा मीडिया को भी मौके पर नहीं जाने दिया जा रहा है। दूसरी तरफ फैक्टरी के मजदूरों का कहना है कि फैक्टरी के कर्मचारी आज जिदंगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

फैक्टरी के अंदर अकसर दुर्घटना होती रहती है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर हमेशा खानापूर्ति की जाती है। यही वजह है कि हमेशा कोई न कोई गरीब कर्मचारी और मजदूर ऐसी बड़ी दुर्घटनाओं का शिकार हो जाता है।

First Published on: February 18, 2021 9:12 PM