Yellow Alert in MP: इन इलाकों में होगी भारी बारिश, तेज रफ्तार हवाएं मचा सकती हैं तबाही

मप्र में बारिश और तेज़ हवाएं कर सकती हैं परेशान, कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका

मौसम करवट बदल रहा है। विपरजॉय का असर यह है कि मध्यप्रदेश में ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में रिकॉर्ड गर्मी दर्ज गई। मौसम शुष्क रहा जबकि कुछ स्थानों पर छुटपुट बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापक्रम 42.6 डिग्री सेल्सियस सीधी का दर्ज किया गया। उज्जैन, चंबल संभाग के कई स्थानों पर जबकि ग्वालियर संभाग के कुछ स्थानों पर तथा भोपाल इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं छुटपुट बारिश दर्ज की गई है।

रतलाम ,श्योरपुर कला, बमोरी ,शिवपुरी नागौद में करीबन 2 सेमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश को लेकर लेकर अलर्ट किया है। ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा संभव है। यहां अल्पकालिक तेज हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं जबकि मंदसौर, नीमच और राजगढ़ जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। यहां भी इसी रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

विदिशा, रायसेन ,सीहोर भोपाल, धार ,रतलाम ,उज्जैन देवास, शाजापुर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवारी जिलों में भी येलो अलर्ट है। यहां गरज चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं ,जिनकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। इसी बीच रीवा और सीधी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। यहां लू का प्रकोप जारी रहेगा।

 

जल भराव संभव ,बचने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश के प्रभाव के मद्देनजर सलाह दी है। निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न होने पर पुरानी व कच्ची मकानों को आंशिक क्षति पहुंच सकती है। यातायात व स्थानीय परिवहन आंशिक रूप से बाधित हो सकता है इसलिए सतर्क रहें। जल निकायों से बाहर रहने की सलाह दी गई है। तेज वर्षा के दौरान घर के अंदर रहने, तेज हवा चलने पर खिड़कियां, दरवाजे बंद करने को कहा गया है।

विभाग की सलाह है कि यदि मौसम बदलने पर संभव हो तो यात्रा से बचें। मौसम विभाग ने कहा है कि सुरक्षित आश्रय के लिए पेड़ों के बीच नीचे ना रहें। उधर कुछ स्थानों पर लू की संभावना के मद्देनजर कहा गया है कि सूर्य की किरणों के सीधे संपर्क में आने से बचें। हल्के रंग की सूती कपड़े पहनें lअपने सिर को कपड़े या टोपी से ढक कर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। आगामी 5 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5 दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है l यह कमी तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक होगी।

First Published on: June 19, 2023 10:04 PM