ख़त्म नहीं हुई संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल, समझौता करने वाले पदाधिकारियों को निकाला

सुबह कुछ पदाधिकारियों ने दावा किया की हड़ताल एक महीने के लिए स्थगित है लेकिन कुछ देर बाद इन पदाधिकारियों को ही संगठन से निकाल दिया

भोपाल। प्रदेश में बीते 15 दिसंबर से जारी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल अब तक खत्म नहीं हुई है। मंगलवार सुबह कर्मचारियों के संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने एक पत्र जारी कर हड़ताल खत्म होने की जानकारी दी थी, लेकिन संगठन ने ऐसी किसी भी खबर से इनकार किया है।

इसके साथ ही ऐसी खबर जारी करने वाले पदाधिकारियों को संगठन से बाहर निकाल दिया गया है और इनके खिलाफ़ प्रदर्शन किया जा रहा है।

दरअसल संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के डॉक्टर सुनील यादव, अमिताभ चौबे और जितेंद्र भदौरिया ने पत्र जारी कर यह दावा किया था कि विभाग के अधिकारियों से उनकी विस्तृत बातचीत हुई और मांगों के लिए अधिकारियों ने एक महीने का समय मांगा है। ऐसे में हड़ताल एक महीने के लिए स्थगित की जाती है।

इसके बाद से ही हड़ताल खत्म होने की खबरें चलने लगीं लेकिन कुछ ही देर बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने इस खबर का खण्डन कर दिया और हड़ताल के जारी होने की जानकारी दी।

यही नहीं तीनों पदाधिकारियों को संगठन से बाहर निकाल दिया और उन्हें पुतलों पर जूते चप्पल बरसाकर उनका विरोध जताया।

 

इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों से संविदा कर्मचारियों का संदेश आ रहा है कि वह अपनी हड़ताल जारी रखे हुए हैं और अपनी मांगें पूरी होने तक नहीं रुकेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस हड़ताल के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य विभाग अवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। कई अस्पतालों में ताले लगे हुए हैं। इसके बावजूद सरकार संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की मांगों को लेकर कोई खास ध्यान देती नजर नहीं आ रही है।

आने वाले दिनों में प्रदेश में बिजली कर्मचारी भी हड़ताल पर जाने वाले हैं ऐसे में स्थितियां और बिगड़ सकती हैं।

First Published on: January 4, 2023 2:10 PM