पथरिया विधायक रामबाई परिहार पर दर्ज हुई एफआईआर, दमोह कलेक्टर को कहा था ढोर व बदतमीज

कलेक्टर बार-बार जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन के दस्तावेज जांच कराने की बात कह रहे थे। इस बात पर विधायक रामबाई भड़क गईं और अपशब्द कहे।

fir on patharia mla rambai

दमोह। दमोह कलेक्टर को अपशब्द व आपत्तिजनक बातें कहने पर पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने दमोह कलेक्टर को सबके सामने ढोर, बेवकूफ और बदतमीज कहा था।

शुक्रवार को पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार ग्रामीणों व महिलाओं को साथ लेकर समस्याएं सुनाने के लिए कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य के पास पहुंची थीं।

वहीं पर उन्होंने कहा था- आंखें फूट गई क्या? कलेक्टर हो कि ढोर। उन्होंने कलेक्टर के लिए बेवकूफ और बदतमीज जैसे शब्द भी इस्तेमाल किए थे।

इसके बाद मीडिया से बातचीत में कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने बसपा विधायक पर एफआईआर कराने की बात कही थी।

कोतवाली टीआई विजय सिंह राजपूत के मुताबिक,

शुक्रवार देर रात कलेक्टर कार्यालय से आवेदन मिलने पर विधायक रामबाई सिंह परिहार के खिलाफ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।

दूसरी तरफ, मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक रामबाई परिहार ने बताया कि

कलेक्टर एसी चैंबर में बैठे रहते हैं। जनता परेशान है और 15 साल से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए शिविर आयोजित कर रहे हैं, लेकिन वह केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। कोई जवाबदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहा है, इसलिए लोगों को लेकर कलेक्ट्रेट आई थी। कलेक्टर को समस्या बताई तो वह बार-बार कह रहे हैं, जांच करा लेंगे, चेक करा लेंगे। इसलिए उन्हें गुस्सा आ गया।

ये है पूरा मामला –

मध्यप्रदेश शासन की ओर से शुक्रवार को पथरिया विधानसभा के नरसिंहगढ़ में जन समस्या निवारण शिविर लगाया गया था। इसमें ज्यादातर प्रमुख अधिकारी नहीं पहुंचे, लेकिन ग्रामीण समस्याएं लेकर पहुंच गए।

काफी देर इंतजार के बाद जब अधिकारी नहीं आए तो इस बात की सूचना पथरिया विधायक रामबाई को लगी तो वे तुरंत ग्रामीण महिलाओं को अपने साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गईं।

उन्होंने पहले कलेक्टर को सूचना भिजवाई और इसके बाद कलेक्टर को चैंबर से बाहर आने के लिए कहा। जैसे ही कलेक्टर बाहर आए, विधायक ने महिलाओं की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

इस बीच कलेक्टर बार-बार जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन के दस्तावेज जांच कराने की बात कह रहे थे। इस बात पर विधायक रामबाई भड़क गईं और अपशब्द कहे।

First Published on: October 1, 2022 1:27 PM