12 सूत्रीय मांगों के सिलसिले में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान, सड़क पर ही बनाया बाटी-भरता

बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों पर दोपहर 12 बजे से नरसिंहपुर आए किसानों ने शहर के कई मार्गों पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर धरना दे दिया, जिसके कारण शहर के कई मार्ग अवरुद्ध हो गया।

narsinghpur farmers tractor protest

नरसिंहपुर। संयुक्त किसान मोर्चा व राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के आह्वान पर नरसिंहपुर क्षेत्र के किसान 12 सूत्रीय मांगों के सिलसिले में ट्रैक्टर लेकर जिला मुख्यालय नरसिंहपुर पहुंचे तो प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए।

सांकल रोड तिराहे पर किसान धरना दे रहे हैं। धरना-प्रदर्शन की अनुमति न मिलने से किसानों में रोष है। पिछले 10 दिनों से किसान धरने की अनुमति मांग रहे थे, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दी जा रही थी।

इसे लेकर किसानों में रोष है। किसानों का कहना है कि हर किसी को कार्यक्रम करने की अनुमति मिल रही है, लेकिन अन्नदाता को अनुमति ना देना समझ से परे है।

बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों पर दोपहर 12 बजे से नरसिंहपुर आए किसानों ने शहर के कई मार्गों पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर धरना दे दिया, जिसके कारण शहर के कई मार्ग अवरुद्ध हो गया।

इसके कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। किसानों का कहना है कि जनता को हो रही इस परेशानी के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार है, वे किसान नहीं।

सड़क को ही धरनास्थल बना चुके ये किसान अब यहीं पर बाटी-भरता बना रहे हैं। इन किसानों ने बताया कि यदि शासन-प्रशासन का सकारात्मक रवैया नहीं रहा तो हम सड़कों पर ही कई दिन धरना देने के लिए मजबूर होंगे।

किसानों का कहना है कि हम खाने पीने का सभी सामान लेकर आए हैं। वहीं दूसरी ओर आम आदमी इस स्थिति के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

First Published on: October 12, 2022 8:19 PM