MP कैबिनेट का फैसला- प्रदेश में रोग नियंत्रण के लिए अब होगा पशुओं का टीकाकरण


सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें प्रदेश में तबादला नीति, प्रत्येक जिलों में महिला थाना खोलने, आंगनवाड़ी बच्चों को दूध व पशुओं को टीकाकरण जैसे निर्णय शामिल हैं।


Manish Kumar Manish Kumar
घर की बात Updated On :
mp-cabinet-meeting

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें प्रदेश में तबादला नीति, प्रत्येक जिलों में महिला थाना खोलने, आंगनवाड़ी बच्चों को दूध व पशुओं को टीकाकरण जैसे निर्णय शामिल हैं।

प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें स्थानांतरण नीति पर चर्चा हुई है। प्रदेश में सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों के तबादले 1 मई से प्रांरभ होंगे।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि नई नीति के मुताबिक जिले में प्रभारी मंत्री को तबादले करने का अधिकार होगा। प्रदेश स्तरीय तबादले यानी एक जिले से दूसरे जिले के लिए विभाग के मंत्री की मंजूरी जरूरी होगी, जबकि प्रथम श्रेणी के अफसरों के तबादले मुख्यमंत्री की स्वीकृति से किए जाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में अब महिला थाना खोले जाने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। प्रदेश के 10 जिलों में पहले से ही महिला थाना मौजूद हैं। अब शेष 42 जिलों में भी महिला थाने खोले जाएंगे। इन थानों में स्टाफ के लिए अन्य जिलों के करीब 1492 पुलिसकर्मियों को पदस्थ किया जाएगा। इससे सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं आएगा।

इसके साथ ही मध्यप्रदेश के आंगनवाड़ी के तीन से छह साल तक के बच्चों को सप्ताह में तीन दिन दूध देने का फैसला भी इस कैबिनेट की बैठक में किया गया है। इसके साथ ही कोरोना काल में अक्टूबर 2020 से जनवरी 2021 तक आंगनबाड़ी बंद होने के कारण 22,81 करोड़ों रुपए मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम से महिला एवं बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार अब पशुओं के रोग नियंत्रण की तरफ भी बढ़ रही है। इसके लिए अब पूरे प्रदेश में पशुओं का टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पशुपालन और डेयरी विभाग को दी गई है।



Related