MP में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण 12वीं तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद


ऐसे में 20 जनवरी से होने वाले प्री-बोर्ड एग्जाम घर से देना होंगे जिसके लिए स्कूल प्रबंधन व्यवस्था बनाएंगे। सभी तरह के मेले, रैलियों और जुलूसों पर रोक लगा दी गई है। नाइट कर्फ्यू पहले की तरह रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा।


DeshGaon
भोपाल Published On :
mp cm schools close

भोपाल। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहली से बारहवीं कक्षा तक के सरकारी-निजी सीबीएससी-आईएससी सहित सभी स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद रखने का ऐलान कर दिया है।

ऐसे में 20 जनवरी से होने वाले प्री-बोर्ड एग्जाम घर से देना होंगे जिसके लिए स्कूल प्रबंधन व्यवस्था बनाएंगे। सभी तरह के मेले, रैलियों और जुलूसों पर रोक लगा दी गई है। नाइट कर्फ्यू पहले की तरह रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा।

यह निर्णय शुक्रवार को लिया गया। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा प्रबंधन समूहों को दी।

सीएम चौहान ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में सभी तरह की आर्थिक गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रदेश में अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाले लॉकडाउन जैसे कदम अभी नहीं उठाए जाएंगे। कोरोना प्रोटोकाल के पालन के लिए हर स्तर पर सख्ती की जाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी के साथ बढ़ रहे हैं और आने वाले दिनों में यह और बढ़ेंगे। इसे देखते हुए संक्रमण की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने होंगे और इसे देखते हुए सरकार ने तय किया है कि पूर्व से जारी प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन समूह के सदस्यों से कहा कि अब भीड़-भाड़ एकत्र करने के दिन नहीं हैं। आर्थिक गतिविधियों पर रोक नहीं लगा सकते हैं क्योंकि इसका व्यापक प्रभाव पड़ता है पर हमें कड़े कदम उठाने होंगे।

समूह के सदस्यों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कहीं पर भी भीड़ एकत्र न हो। जनता को संकट की इस घड़ी से निकालकर ले जाने की जिम्मेदारी हमारी है। संसाधन की कमी नहीं रहने देंगे। सभी व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और अधिकारी कमांड कंट्रोल सेंटर में लाकर 15 मिनट मरीजों से बात करें। अब यह जरूरी हो गया है कि सब मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। विधायक इस बात की चिंता करें कि उनके क्षेत्र में कोई भी लापरवाही न हो।

सीएम चौहान ने किए ये दिशानिर्देश –

– खेल गतिविधियां 50 फीसदी क्षमता से जारी रहेंगी।
– 20 जनवरी से प्री-बोर्ड एग्जाम घर से ही देना होगा।
– जुलूस, रैली, राजनीतिक और सामाजिक सभा प्रतिबंधित रहेगी।
– 50 फीसदी क्षमता के साथ हॉल में कार्यक्रम हो सकेंगे।
– सभी तरह के धार्मिक और आर्थिक मेलों पर रोक रहेगी।
– राजनीतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, एजुकेशनल और मनोरंजन जैसे कार्यक्रम खुले मैदान में 250 की संख्या में हो सकेंगे।
– कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन अनिवार्य।
– मास्क नहीं लगाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाकर वसूली की जाए।



Related