इंदौर। आईजी राकेश गुप्ता ने शनिवार को महू पुलिस का जायज़ा लिया। आईजी गुप्ता शाम करीब पांच बजे महू पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
नागरिकों ने भी आईजी गुप्ता का यहां स्वागत किया। इनमें कई समाजसेवी संस्थाओं के लोग भी शामिल रहे। लोगों में इस बात को लेकर संतोष रहा कि महू शहर में पहली बार किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने त्योहारों से पहले शहर सड़कों पर घूम कर समस्याओं की जानकारी ली है।
आईजी राकेश गुप्ता ने शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में दल बल के साथ शहर के धान मंडी चौराहा से होते हुए एसपी ऑफिस का दौरा किया।
इस दौरान आईजी गुप्ता ने आम नागरिकों व दुकानदारों से दुकानों में जाकर चर्चा की तथा उनकी समस्या जानीं।
यहां अधिकांश लोगों ने बताया कि शहर की प्रमुख समस्या यातायात की है। त्यौहारों के दिनों में यह समस्या और भी बिगड़ जाती है और छावनी परिषद का स्थानीय प्रशासन इसे सुधारने में कोई काम नहीं करता।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी गुप्ता ने कहा कि सभी धर्म के लोग अपने-अपने त्योहारों को उल्लास व शांति के साथ मनाएं। किसी प्रकार की गड़बड़ी ना हो। ऐसी व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे दौरे लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान एसपी भगवत सिंह बिरदे और महू थाना प्रभारी मौजूद रहे।













