धार में 85 लाख किसानों को 1704 करोड़ की सौगात, सीएम ने सिंचाई परियोजना का किया भूमिपूजन

आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर धार जिले के उमरबन में एक ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही किसानों और श्रमिकों को बड़ी आर्थिक सहायता भी दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 85 लाख से अधिक किसानों के खातों में 1704 करोड़ रुपए की राशि एक क्लिक में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत 27,523 श्रमिक परिवारों को 600 करोड़ रुपए की अनुग्रह सहायता दी गई।

 

धार उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन

कार्यक्रम की सबसे अहम घोषणा धार उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना रही, जिसका भूमिपूजन मुख्यमंत्री ने किया। 1869.72 करोड़ की लागत वाली इस योजना से जिले की पांच तहसीलों के 183 गांवों को लाभ मिलेगा। इसमें धार, मनावर, पीथमपुर, गंधवानी और सरदारपुर शामिल हैं। नर्मदा नदी के जल को 536 मीटर ऊंचाई तक उठाकर भूमिगत प्रेशराइज्ड पाइपों के जरिए 55,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाएगी, जिससे लगभग 1 लाख किसान लाभान्वित होंगे।

सामूहिक विवाह में 2123 जोड़ों ने लिए सात फेरे

 

उमरबन में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 2123 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ, जिनमें 8 मुस्लिम जोड़े भी शामिल थे। हर जोड़े को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के लिए 30 हजार वर्गफुट का विशाल पंडाल तैयार किया गया था, जिसमें 70 जंबो कूलर और 50 पानी के टैंकर लगाए गए थे।

 

अन्य घोषणाएं और विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने सेमल्दा-मनावर मार्ग पर नर्मदा नदी पर 77 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल और 200 करोड़ रुपए की लागत के अन्य विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया। देवस्थानम योजना के अंतर्गत धार के मंदिरों की संकलन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

इस दौरान उन्होंने आडा बयडा के पटेलपुरा गांव के आग पीड़ितों को 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “बंदर के मरे हुए बच्चे को कब तक चिपकाओगे।”



Related