कांग्रेस के दो पूर्व विधायक और बीएसपी के पूर्व सांसद के साथ छह सौ कार्यकर्ताओं ने पहना भगवा पट्टा

भाजपा ने जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेसी खेमे को खाली करने की रणनीति अपनाई है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका लगा है, गुरूवार को एक बार फिर पार्टी में टूट हुई है। कांग्रेस के दो पूर्व विधायक और एक पूर्व बीएसपी सांसद ने भाजपा की सदस्यता ले ली।  उनके साथ ही लगभग 600 कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भगवा पट्टा पहनाकर सभी को भाजपा में शामिल किया।

प्रदेश में पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होनी है और भाजपा अब तक कांग्रेस में तोड़ फोड़ कर रही है। भाजपा यह चुनाव कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल करके जीतने की कोशिश में है। पार्टी नेताओं ने अपनी इसी रणनीति के तहत  28 मार्च को बीएसपी से भिंड के पूर्व सांसद रामलखन सिंह के अलावा जबलपुर जिले के पाटन विधानसभा के पूर्व विधायक कांग्रेस नेता नीलेश अवस्थी और खरगापुर के पूर्व विधायक अजय यादव को भाजपा में शामिल कराया। इस दौरान सीएम मोहन यादव के साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।

इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा में आने का एक ही कारण है – भारत में प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रगति और विकास का संकल्प सभी दलों के बीच है। आगामी चुनाव में सभी मिलकर 29 सीटों पर भाजपा को साफ सफाई से जीतने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले भी मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लोकसभा चुनाव नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस को झटका लगा था, जब नगरपालिका कोतमा के कई कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो गए थे।

First Published on: March 28, 2024 2:52 PM