भोजशाला में एएसआई सर्वे : आठवें दिन 6 घंटे चला सर्वे, मुस्लिम समाज ने पढ़ी नमाज, क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ी पुलिस का खूफिया तंत्र सक्रिय


पंद्रह फुट खोदने के बाद भी नहीं मिली इस ऐतिहासिक इमारत की नींव


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

भोजशाला में हाईकोर्ट के आदेश पर एएसआई का सर्वे जारी है। सर्वे के आठवें दिन शुक्रवार को एएसआई की टीम सुबह 6 बजे भोजशाला पहुंची और करीब 6 घंटे तक परिसर में सर्वे किया। इस दौरान टीम ने भोजशाला के चारों तरफ मेजरमेंट कर कुछ पाइंट चिह्नित किए है। साथ ही पेड़ों पर भी मार्किंग की गई है। बताया जा रहा है कि यह भोजशाला के लेआउट अनुसार मेजरमेंट किया गया है।

इसके आधार पर यह पाइंट सिलेक्ट करते हुए खुदाई की जा रही है। शुक्रवार को खुदाई के लिए दो नए पाइंट भी टीम ने सिलेक्ट किए। इसके लिए राधू टॉकिज परिसर के पीछे जेसीबी की मदद से सफाई भी करवाई गई। दोपहर में सर्वे खत्म होने के बाद सिलेक्ट किए गए पाइंट पर नगर पालिका की टीम से कचरा और मलबा उठावाकर पाइंट को क्लीयर करवाया गया है। संभावना है कि  शनिवार को यहां पर खुदाई की गतिविधियां देखने को मिल सकती है।

सर्वे के बाद हुई नमाजः शुक्रवार को भोजशाला में मुस्लिम समाज ने नमाज पढ़ी। दोपहर में नमाज हुई। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मोबाइल पर प्रतिबंध होने के चलते नमाज के लिए पहुंचे सभी लोगों के मोबाइल को गेट पर भी एकत्रित करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने नमाजियों को प्रवेश दिया। सुरक्षा के लिहाज से कंपनी की भी तैनाती की गई थी। वहीं नमाज से पहले एसपी मनोज कुमार सिंह भी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए भोजशाला पहुंचे और निरीक्षण किया।

भोजशाला के आसपास सुरक्षा बढ़ाईः  भोजशाला में जारी वैज्ञानिक सर्वे के कारण परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही क्षेत्र में सीसीटीवी की संख्या भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने भोजशाला के पीछे कैमरों को संख्या बढ़ाई है। इससे निगरानी आसान हुई है। साथ ही पूरे एरिया में खूफिया तंत्र को भी सक्रिय कर जानकारी जुटाई जा रही है।

अलग-अलग स्थानों पर खुदाईः सर्वे टीम द्वारा भोजशाला में अलग-अलग स्थानों पर खुदाई का कार्य किया जा रहा है। गर्भगृह के पिछले हिस्से में नींव की जानकारी के लिए खुदाई की जा रही है। टीम को करीब 15 फीट की खुदाई के बाद भी नींव नही मिलने से इसका भी दायरा बढ़ाया गया है। गुरुवार को भी टीम ने भोजशाला से 50 मीटर की दूरी का मेजरमेंट किया था। साथ ही आधुनिक उपकरणों से फोटो और वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।



Related