धारः जंगल में तेंदुए की गोली मारकर हत्या, यहीं लहूलुहान मिला था युवक


– बोरडाबरा के जंगल से छह वर्षीय आदमखोर तेंदुए का शव मिला।
– डीएफओ ने की गोली मारकर तेंदुए की हत्या की पुष्टि।
– एसटीएफ की टीम पहुंची जंगल, शुरू की जांच।
– धार जिले में तेंदुए की घटना मे नया मोड़।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
leopard-dhar

धार/अमझेरा। लगातार जंगल से निकल कर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले व्यक्तियों पर आए दिन हमला करने वाले तेंदुए को अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई।

धार जिले के भेरूघाट जंगल क्षेत्र मे तेंदुए द्वारा लगातार हो रही घटना में अचनाक नया मोड़ आ गया है। बोरडाबरा के जंगल से गुरुवार की दोपहर को वन विभाग को सर्चिंग के दौरान छह वर्षीय नर तेंदुए का शव मिला।

धार डीएफओ अक्षय सिंह राठौर के मुताबिक, नर तेंदुए को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तेंदुए की पीठ पर गोली लगी है। तेंदुए के शव की सूचना मिलते ही तत्काल जिले का अमला मौके पर पहुंच गया।

देर रात तक वन विभाग इंदौर के सीसीएफ हरिशंकर मेहता, डीएफओ अक्षय राठौर आदि अन्य अधिकारी की उपस्थिति में तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार जंगल में किया गया।

धार जिले बाग, टांडा, जीराबाद तीन सदस्य वेटनरी डॉक्टरों की टीम ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। जैसे ही तेंदुए का शव वन विभाग को मिला तत्काल आस-पास जंगल मे बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई थी। जिस स्थान पर तेंदुए का शव मिला उसके आस-पास आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई थी।

शवस्थल से 30 मीटर पहले मृतक राय सिंह मिला था घायल अवस्था में –

dhar-leopard-killed

गंधवानी के समीप बोरडाबरा के जंगल से जहां तेंदुए का शव वन विभाग को मिला है, उस स्थान से 30 मीटर पहले बुधवार को 35 वर्षीय युवक राय सिंह गंभीर घायल अवस्था मे लहूलुहान मिला था।

घायल राय सिंह के सिर और गर्दन जानवर के हमले करने से बुरी तरह नोंच दिया गया था। राय सिंह की इलाज के लिए धार लाते समय मौत हो गई थी। अब अचनाक जंगल मे तेंदुए का शव मिलने से मामले में नया मोड़ आ गया है।

बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम पिंजरा लगाने का स्थान तलाश रही थी। सर्चिंग के दौरान झाड़ियों मे तेंदुए का शव मिलने ने नया मोड़ लिया है।

पोस्टमार्टम टीम के मुताबिक तेंदुए की मौत लगभग 15 घंटे पूर्व बताई जा रही है। शुक्रवार की सुबह एसटीएफ़ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई जिन्होंने डॉग स्क्वॉड के साथ जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर चल रहा था फेक वीडियो –

दो दिन पूर्व से सोशल मीडिया पर एक वीडियो चल रहा था जिसमें एक युवक घायल अवस्था में जंगल में मृतक तेंदुए के साथ दिखाया गया था। इस वीडियो मे ऑडियो के द्वारा बताया जा रहा था कि तेंदुए ने हमला किया जिसका युवक से आमना-सामना हुआ और तेंदुए की मौत हो गई।

डीएफओ अक्षय राठौर ने उक्त वीडियो को तत्काल संज्ञान में लेते हुए तलाश शुरू की तो पता चला यह वीडियो राजस्थान का है जिसे अमझेरा के जंगल का एडिट कर बनाया गया था।

6 वर्षीय नर तेंदुए की पीठ पर गोली लगी है। प्रथम दृष्ट्या हत्या लग रही है। पीएम कर अंतिम संस्कार किया गया है। एसटीएफ़ टीम को केस सौंप दिया गया है। जांच शुरू हो गई है।

– अक्षय राठौर, डीएफओ, धार



Related