मांडू के पास सुलीबयड़ी में 200 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई, वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल


धार जिले के मांडू क्षेत्र में 200 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :

मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित मांडू के सुलीबयड़ी क्षेत्र में 200 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह कटाई वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से हुई है। इस मामले में डिप्टी रेंजर और वनपाल को नोटिस जारी किए गए हैं।

अवैध कटाई और वन विभाग की निष्क्रियता

ग्रामीणों के अनुसार, सुलीबयड़ी के जंगलों में रात के अंधेरे में पेड़ों की कटाई की जा रही थी। अब तक 200 से अधिक पेड़ काटे जा चुके हैं, और उनके स्थान पर केवल ठूंठ बचे हैं। इस अवैध कटाई का उद्देश्य जमीन पर कब्जा कर खेती करना बताया जा रहा है।

वन ग्राम समिति अध्यक्ष मनसुख डावर ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों से इस कटाई की जानकारी मिली, जिसे उन्होंने विधायक कालूसिंह ठाकुर के संज्ञान में लाया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों को नोटिस, जांच जारी

रेंजर कमलेश मिश्रा ने पहले तो इसे सामान्य घटना बताया, लेकिन बाद में बिट प्रभारी और सब रेंजर को नोटिस देने की बात स्वीकारी। उन्होंने कहा कि दोनों से जवाब मांगा गया है और सोमवार को फिर से मौके का मुआयना किया जाएगा। यदि पेड़ों की कटाई संबंधित गतिविधियां पाई जाती हैं, तो अलग से जांच कराई जाएगी।

 



Related