धूमधाम से मनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव, बारह बजते ही मंदिरों में गूंजा भए प्रकट कृपाला दीनदयाला…


रामनवमी के पावन पर्व पर गुरुवार को जिले व शहर के श्रीराम मंदिरों सहित अन्य देवालयों में श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही रामभक्तों की भीड़ लगी रही।


DeshGaon
धार Published On :
ramnavami in dhar

धार। चैत्र नवरात्र का आज अंतिम दिन होने के साथ रामनवमी है जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया। माता के मंदिरों में आज सुबह से यज्ञ और विशेष हवन-पूजन शुरू हो गए थे तो दर्शन करने वाले भक्तों का भी तांता लगा हुआ था।

रामनवमी पर आज पुनर्वसु नक्षत्र सहित कई शुभ संयोग बन रहे थे। महापर्व पर शहर के राम मंदिरों व हनुमान मंदिरों का विशेष श्रृंगार किया गया है। मंदिरों को फूल-माला से सजाया गया है। सुबह से दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ है।

रामनवमी के पावन पर्व पर गुरुवार को जिले व शहर के श्रीराम मंदिरों सहित अन्य देवालयों में श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही रामभक्तों की भीड़ लगी रही।

शहर के विभिन्न मंदिरों में दोपहर 12 बजे ही भए प्रकट कृपाला दीनदयाला…गूंजने लगा। जगह-जगह महाआरती का आयोजन हुआ। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव आस्था-उमंग के साथ मनाया।

राजवाड़ा चौक स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई। पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। इन मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई थी।

मांडू के प्राचीन श्रीराम मंदिर में दोपहर 12 बजते ही मंदिर में भए प्रकट कृपाला दीनदयाला जैसे जयघोष गूंजने लगे थे।महाआरती के बाद महाप्रसादी वितरित की गई।

यहां भगवान श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण भगवान सहित पूरे राम परिवार का आकर्षक श्रृंगार किया गया। यहां मंदिर समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।

दिखा विशेष उत्साह –

रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। राम मंदिर परिसर में तो महाआरती के समय लोग बड़ी संख्या में थे। लोगों को कतार में लगकर प्रसादी प्राप्त करना पड़ी।

सभी मंदिरों पर दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन हुआ और उसके बाद प्रसादी का वितरण कार्यक्रम हुआ। शहर के विभिन्न मंदिरों में भी रामनवमी के अवसर पर सुबह विविध धार्मिक आयोजन हुए।

घर-घर गूंजा जय श्रीराम –

रामनवमी पर शहर के घर-घर में लोगों ने भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया। लोगों ने श्रीराम की पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने अपने घर पर कन्याओं को भोजन करवाया।

शहर की गलियों में सुबह से रामधुन सुनाई देना आरंभ हो गई थी और 12 बजते ही भए प्रकट कृपाला दीनदयाला जैसी चौपाइयों सहित भजन-कीर्तन दिनभर सुनाई देते रहे।

पुलिस की रही पैनी नजर –

शहर में 10 से अधिक ऊंची इमारतों से की निगरानी गई व 100 से ज्यादा का बल तैनात रहा। रामनवमी को लेकर बदनावर, राजोद सहित नालछा थाने को अतिरिक्त पुलिस बल दिया गया था। 22 फिक्स पॉइंट, दो पुलिस मोबाइल वाहन, 5 बाइक पुलिस टीम 12 हाईराइज बिल्डिंगों से नजर बनाए हुए थे।

साथ ही शहर में एक सीएसपी, दो डीएसपी, 6 थाना प्रभारी सहित 155 का पुलिसबल तैनात व्यवस्था संभाल रहे थे। 34वीं बटालियन की एक कंपनी भी लगी थी जिसके जवान भी शहर में तैनात थे।

शहर मे निकली शोभायात्रा –

रामनवमी के उपलक्ष्य में हिंदू समाज द्वारा चल समारोह के साथ शोभायात्रा निकाली गई थी। इस शोभायात्रा में शस्त्र कला का प्रदर्शन किया गया व झांकियों के माध्यम से राम स्वरूप को दिखाया गया।

शोभायात्रा आदेश्वर मंदिर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्ग होते हुए निकली। जनता ने जगह-जगह फूलों से स्वागत किया। शोभायात्रा की विशेष रूप से प्रसिद्ध गायक कलाकर नितिन बागवान माली एवं शशांक तिवारी कुन्दनपुर के भजनों की प्रस्तुति दी।

धर्नुवेदी हिन्दू शाही अखाड़े द्वारा मातृशक्ति द्वारा भारतीय प्रारम्परिक शस्त्र विद्या से आत्मरक्षा का कला प्रदर्शन किया। प्रभु श्रीराम जी की भव्य आकर्षक झांकी के साथ श्री हरिनाम संकिर्तन रामायण मंडल की भजन मंडली में पुरुष एवं महिलाओं द्वारा संगीतमय भजन साथ चल रही थी।



Related