विकसित कृषि संकल्प अभियान” का धार से भव्य शुभारंभ: किसानों को मिलेगा तकनीकी ज्ञान, गाँव-गाँव पहुंचेगा ‘चलो खेत की ओर’ संदेश


धार जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ, छह दलों के साथ 12 वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर देंगे किसानों को उन्नत खेती की जानकारी।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

कृषि को उन्नत बनाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन ने “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की है। इसका भव्य शुभारंभ गुरुवार को धार जिले से हुआ। यह अभियान जिलेभर के किसानों तक उन्नत कृषि ज्ञान और योजनाओं की जानकारी पहुँचाने का कार्य करेगा।

 

‘चलो खेत की ओर’ – हर पंचायत तक पहुंचेगा कृषि रथ

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा की उपस्थिति में हुआ। आयोजन का संचालन कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में और सीईओ जिला पंचायत अभिषेक चौधरी की निगरानी में हुआ। मौके पर कृषि विभाग, आत्मा परियोजना, कृषि विज्ञान केंद्र, आईसीएआर और अन्य विभागों के अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

शुभारंभ अवसर पर कृषि प्रचार रथ को ‘चलो खेत की ओर’ संदेश के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ पूर्व निर्धारित मार्ग के अनुसार जिले की ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा।

👨‍🌾 6 दल, 12 वैज्ञानिक – हर दिन 3 पंचायतों में होगा संवाद

 

धार जिले में इस अभियान के लिए 6 दल गठित किए गए हैं जिनमें 12 से अधिक कृषि वैज्ञानिक शामिल हैं। ये दल हर दिन जिले की तीन पंचायतों में किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों, योजनाओं, बीज चयन, मृदा स्वास्थ्य, जल प्रबंधन आदि की जानकारी देंगे।

हर दिन 500 से अधिक किसानों को सीधे इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इसमें गांव के सरपंच, सचिव, ग्राम सेवक, पटवारी सहित शासन के अन्य कर्मचारी भी भाग लेंगे।

 

🧑‍🔬 मनावर से भी रवाना हुए कृषि रथ

मनावर ब्लॉक से भी कृषि विज्ञान केंद्र के तीन अन्य दल रवाना किए गए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, जनपद अध्यक्ष रुखमा मुवेल, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धार्वेंद्र सिंह, तहसीलदार कुणाल अवास्या, एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के तहत खरीफ सीजन के लिए फसल प्रबंधन, रोग नियंत्रण, और जैविक खेती पर विशेष फोकस किया जाएगा।

 

🌱 ऑनलाइन आवेदन से मिलेगी कृषि मशीनरी पर सब्सिडी

सहायक कृषि यंत्री धार ने बताया कि कपास और मक्का की बुवाई के लिए न्यूमेटिक प्लांटर, और नरवाई प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर तथा सुपर सीडर जैसे उन्नत कृषि यंत्रों पर 40 से 50% तक अनुदान दिया जाएगा।

आवेदन की प्रक्रिया ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल (dbt.mpdage.org) पर शुरू हो चुकी है।

  • अनुमानित लागत: ₹2.20 लाख से ₹3.00 लाख
  • पात्र दस्तावेज: आधार कार्ड, भूमि रिकॉर्ड, ट्रैक्टर आरसी, बैंक विवरण आदि
  • आवेदन की अंतिम तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
  • संपर्क: सहायक कृषि यंत्री कार्यालय, धार

 

 अभियान का उद्देश्य

इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है –

  • गाँव-गाँव जाकर किसानों से सीधा संवाद
  • नवाचारों की जानकारी देना
  • खेती को वैज्ञानिक और लाभकारी बनाना
  • पर्यावरण संरक्षण के साथ टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना

 



Related