पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा- सत्ता के नशे में चूर प्रदेश की भाजपा सरकार वेंटीलेटर पर है

पत्रकारों से चर्चा करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि कि भाजपा सत्ता के मद में चूर हो गई है। उनके कार्यकर्ताओं-नेताओं व मंत्रियों में अहंकार आ गया है, जो जल्दी ही जनता तोड़ देगी।

jaivardhan singh in mhow

महू (इंदौर)। भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं में अहंकार और घमंड आ गया है, जो जल्दी ही टूट जाएगा। वर्तमान स्थिति को देखें तो प्रदेश की भाजपा सरकार वेंटिलेटर पर आ गई है।

यह बात प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने महू में स्थानीय पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। जयवर्धन सिंह शनिवार की सुबह पातालपानी में टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ सीधी में हुई घटना के विरोध में बात की तथा टंट्या मामा को नमन किया।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कि भाजपा सत्ता के मद में चूर हो गई है। उनके कार्यकर्ताओं-नेताओं व मंत्रियों में अहंकार आ गया है, जो जल्दी ही जनता तोड़ देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के 18 साल के कार्यकाल में जितनी भी जांच समितियां बनी हैं, किसी एक का भी रिजल्ट सामने नहीं आया। भाजपा समितियां मन बहलाने व दिखावे के लिए बनाती है।

सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों के साथ भेदभाव-अत्याचार हो रहा है, जिसे रोकने के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह असफल है। भाजपा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था तक अपने हाथ में ले ली है जिस पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है।

उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस डेढ़ सौ से अधिक सीटों पर विजय हासिल करके अपनी सरकार बनाएगी और प्रदेश का विकास करेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

आदिवासी समाज के लोगों से ज्यादा कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ता आए नजर –

पातालपानी में टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने तथा सीधी में आदिवासी युवक के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हालांकि, इस कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता ही अधिक संख्या में थे जबकि आदिवासी समाज के लोगों की संख्या बहुत ही कम रही।

First Published on: July 8, 2023 1:07 PM