प्रदेश में अब पक्का मकान दिलवाएगी आज़ाद समाज पार्टी, आज गाडगे जयंती से भीम आर्मी शुरु कर रही है सर्वे

भीम आर्मी को सभी के कच्चे घरों की सूची बनाने के लिए कहा गया है, एक महीने में सर्वे पूरा करने के बाद करेंगे आंदोलन

Bahujan leader Chandrashekhar Azad released picture of one of his worker's house: Source Twittr Deshgaon news

बहुजन नेता चंद्रशेखर आजाद ने अपने एक कार्यकर्ता के घर की तस्वीर जारी कीः सोर्स ट्विटर

भोपाल। प्रदेश में अपनी ठोस उपस्थिति दर्शाने के लिए लगातार प्रयास कर रही आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने एक नया प्रयास शुरु किया है। इसके तहत लोगों को पक्का मकान दिलवाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए पार्टी ने अपना अभियान शुरु किया है जिसके तहत प्रदेश भर में उनके कार्यकर्ता अपने इलाकों में लोगों के घर जाकर सर्वे करेंगे। पार्टी के मुताबिक यह अभियान जाति विशेष के लिए नहीं बल्कि नागरिकों के लिए है।

संत गाडगे महराज की जयंती पर आज़ाद समाज पार्टी के द्वारा यह अभियान शुरु किया जा रहा है। इसकी घोषणा पार्टी प्रमुख चंद्र शेखर आज़ाद ने की है। उन्होंने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वे अपने एक किशनलाल जी के घर गए तो देखा कि उनका घर कच्चा है और आसपास के बहुत से दूसरे घर भी कच्चे हैं। ऐसे में अब वे आने वाले एक महीने तक वे प्रदेश में कच्चे घरों की सूची बनाएंगे। इसके तहते पार्टी के कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी भी दी गई है कि वे कच्चे मकानों पर जाकर लिखें कि पक्का मकान हमारा हक है, हमें पक्के मकान चाहिए।

इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं को कच्चे मकानों की सूची पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जमा करने के लिए कहा गया है। इसी सूचि के आधार पर सभी जिले में एक दिनी आंदोलन भी किया जाएगा और इसके बाद भी यदि सरकार गरीबों को पक्के मकान देने के लिए प्रयास शुरु नहीं करती है तो फिर भोपाल में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पार्टी के प्रदेश प्रमुख सुनील अस्ते ने देशगांव को बताया कि आज़ादी के 75 वर्ष बाद भी स्थिति खराब है लोगों के मकान कच्चे और जर्जर हैं। ऐसे में हम कैसे विकास की बात कर सकते हैं। वे बताते हैं कि प्रदेश में आवास योजनाओं के तहत लोगों को पक्के मकान जरूर मिले हैं लेकिन इस योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और अपात्र लोगों को यह भवन दिए गए हैं वहीं जो पात्र हैं और कच्चे जर्जर घरों में रहते हैं उन्हें इस योजना में लाभ नहीं मिला।

अस्ते ने बताया यह प्रयास किसी समाज या जाति विशेष के लिए नहीं है बल्कि प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए है। वे कहते हैं कि प्रदेश में बड़ी संख्या में लोगों के पास पक्के मकान नहीं हैं और ऐसे में पार्टी उन सभी नागरिकों के लिए काम कर रही है।

First Published on: February 24, 2023 10:04 AM