BJP और ट्विटर पर हमलावर कांग्रेस, कहा दोनों मिलकर घोंट रहे लोकतंत्र का गला

Twitter पर कांग्रेसी नेताओं ने भेदभाव के आरोप लगाए

नई दिल्ली। दिल्ली में एक दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के माता-पिता से मुलाकात करने के दौरान राहुल गांधी ने उनकी तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा की थी। जिसके बाद ट्विटर द्वारा राहुल गांधी सहित कई दूसरे कांग्रेसी नेताओं का अकाउंट लॉक कर दिये थे। इसे लेकर अब सियासत तेज है।

कांग्रेसी नेता इसे लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं। उन्होंनेआरोप लगया कि ट्विटर भारत में भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने में उसका साथ दे रहा है। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि ‘क्या ट्विटर कांग्रेस नेताओं के अकाउंट निलंबित करने में अपनी नीति का पालन कर रहा है या फिर मोदी सरकार की नीति का? उसने अनुसूचित जाति आयोग का ट्विटर अकाउंट बंद क्यों नहीं किया जबकि उसने वही तस्वीरें ट्वीट की थीं, जो हमारे किसी नेता ने की थीं.’

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस के नेताओं के बड़े पैमाने पर अकाउंट बंद करके, ट्विटर भारत में भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने में उसका साथ दे रहा है। ‘

कांग्रेस ने  कहा कि उसके और उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ने बंद (लॉक) कर दिया है, हालांकि ट्विटर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर ये कदम उठाया गया है।

First Published on: August 12, 2021 11:02 PM