MP में कांग्रेस ने लॉन्च की ‘नारी सम्मान योजना’, कमलनाथ ने शिवराज पर बोला जोरदार हमला

नारी सम्मान योजना लॉन्च करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनती है तो मध्यप्रदेश में जितनी भी बंद खदाने हैं, उनकी लीज निरस्त कर जमीन गरीबों को देंगे।

kamalnath and nari samman yojana launch

छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री व मध्यप्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में ‘नारी सम्मान योजना’ लॉन्च कर दी जिसे शिवराज सरकार की 1000 रुपये हर महीने देने वाली ‘लाडली बहना योजना’ का तोड़ बताया जा रहा है।

नारी सम्मान योजना लॉन्च करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनती है तो मध्यप्रदेश में जितनी भी बंद खदाने हैं, उनकी लीज निरस्त कर जमीन गरीबों को देंगे।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा के पास बचा क्या है? पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखें कल के बाद परसो आता है। पुलिस, पैसा और प्रशासन का आप जो उपयोग करना चाहते हैं, 5 महीने में कर लीजिए।

कमलनाथ ने भाजपा और शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए कहा कि 2018 में हमने वोट से सरकार बनाई और इन्होंने सौदे से सरकार बनाई। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने कहा कि कुर्सी जाना है, तो जाए।

उन्होंने कहा कि आज जब हम इनसे सवाल करते हैं तो कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? मोदी जी अगर आप स्कूल गए तो वो स्कूल कांग्रेस ने बनाया था। शिवराज जी, अगर आप कॉलेज गए तो वो कॉलेज कांग्रेस ने बनाया था।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह बेरोजगार नौजवान और किसानों की पुकार नहीं सुन सकते, इनके आंख और कान बंद हैं। इनका मुंह बहुत चलता है। शिवराज बहुत व्यस्त हैं। एक हाथ भ्रष्टाचार में, दूसरा अत्याचार में व्यस्त है। घोषणाओं और झूठ की मशीन बन गए हैं। 5 महीने में चुनाव हैं। जगह-जगह जा रहे हैं। अब यह मुख्यमंत्री शिलान्यास और भूमि पूजन मंत्री हैं। शिवराज जी, जनता को जवाब दीजिए- आपने दिया क्या‌ है? महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, घर-घर शराब दी, बलात्कार दिया, आदिवासी अत्याचार दिया। यह प्रदेश की तस्वीर है।

नारी सम्मान योजना की खास बात –

कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपये हर महीने देने का वादा है। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा। नारी सम्मान योजना के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे।

कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है, न कतार में लगने की, रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी।

कांग्रेस का दावा है कि सरकार आने पर कांग्रेस महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपये (1500×12) देगी। सिलेंडर पर सालभर में 7200 रुपये (600×12) सब्सिडी देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपये की मदद देगी।

First Published on: May 9, 2023 1:36 PM