राहुल के सर्मथन में सड़कों पर कांग्रेस, राजघाट पर प्रिंयका ने कहा इस देश का प्रधानमंत्री कायर है…

प्रियंका गांधी का भाषण काफी मजबूत रहा। उन्होंने अपने परिवार पर हुए हर निजी हमले पर बात की और पूछा कि क्या इसके लिए सज़ा नहीं दी जानी चाहिए।

नई दिल्ली। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर भारतीय विपक्ष और विशेषकर कांग्रेस पार्टी खासी आक्रोषित है। रविवार को अपने इसी गुस्से को जाहिर करते हुए कांग्रेस पार्टी ने राजघाट पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसे संकल्प सत्याग्रह कहा गया। इस कार्यक्रम में कई नेता बोले लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में प्रियंका गांधी का भाषण रहा। जिन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। मोदी और भाजपा द्वारा गांधी परिवार पर अब तक किए गए निजी हमलों पर भी प्रियंका ने खुलकर बात की। उन्होंने सवाल उठाए कि जब उनके शहीद पिता, भाई और मां का अपमान किया क्या इसके लिए सजा नहीं मिलनी चाहिए। प्रियंका ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कायर कहा।

राजघाट पर हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और पी चिदंबरम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार के खून ने सींचा है। जो सोचते हैं कि हम पर छापे मारकर हमें डराएंगे वह गलत सोचते हैं। हम डरने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “इस देश के लोकतंत्र की नींव कांग्रेस पार्टी के महापुरुषों ने डाली है। इस देश की आजादी के लिए कांग्रेस पार्टी लड़ी। आज भी इस देश की आजादी के लिए ही लड़ रही है। कभी-कभी मैं सूचती हूं। मुझे समझ नहीं आता कि पब्लिक क्या सोच रही है। क्या देख नहीं रही है कि क्या हो रहा है? क्या आपको दिख नहीं रहा है? आपकी सारी संपत्ति लूटी जा रही है। एक आदमी को दी जा रही है। गिने चुने उद्योगपतियों को सबकुछ दिया जा रहा है। यह किसकी संपत्ति है? यह आपकी संपत्ति है।”

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, “आप हमें परिवारवादी कहते हैं। तो भगवान राम कौन थे? भगवान राम को वनवास में भेजा गया। उन्होंने अपने परिवार और अपनी धरती के प्रति अपना धर्म निभाया। क्या भगवान राम परिवारवादी थे? क्या पांडव परिवारवादी थे? कि वह अपने परिवार के संस्कारों के लिए लड़े। हमें क्या शर्म आनी चाहिए कि हमारे परिवार के सदस्य इस देश के लिए शहीद हुए। तरिंगे में उनका खून है। इस धरती में उनका खून है। इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार के खून ने सींचा है। जो सोचता है कि हमें अपमानित करके डराएंगे, हमें धमकाएंगे। जो सोचता है कि तमाम एजेंसियों को लगाकर, हमारे ऊपर छापे मारकर हमें डराएंगे वह गलत सोचते हैं। हम डरने वाले नहीं है। हम और मजबूती से लड़ेंगे।”

प्रियंका गांधी ने कहा, “यहां बैठे हुए मुझे एक बात याद आई। यह बात मई 1991 की है। मेरे पिता की शव यात्रा तीन मूर्ति भवन से निकल रही थी। अपनी मां के साथ और अपने भाई के साथ हम एक गाड़ी में बैठे थे। सामने भारतीय सेना की एक ट्रक थी, फूलों से लदी हुई थी, उसके ऊपर मेरे पिता जी का शव था। थोड़ी देर काफिला चला। तो राहुल कहने लगे कि मैं उतरना चाहता हूं। तो मां ने माना किया। राहुल ने जिद की, मैं उतरूंगा। राहुल गाड़ी से उतरा और वह सेना की ट्रेक के पीछे खड़ा होकर चलने लगा।”

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, “तीन मूर्ति से लेकर कड़ी धूम में अपने पिता के जनाजे के पीछे पैदल चलते-चलते मेरा भाई यहां तक पहुंचा। इस जगह से कुछ 400-500 गज दूर मेरे पिता का अंतिम संस्कार मेरे भाई ने किया। वह चित्र मेरे दिमाग में है। मेरे पिता का शव तिरंगे के नीचे था। तिरंगे के पीछे चलते चलते मेरा भाई यहां तक पहुंचा। उस शहीद पिता का अपमान भरी संसद में किया जाता है। उस शहीद के बेटे को देशद्रोही कहते हैं। आप मीर जाफर कहते हैं। उसकी मां का अपमान करते है। आपके मंत्री मेरी मां का अपमान भरी संसद में करते हैं। आपके एक मुख्यमंत्री कहते हैं कि राहुल गांधी को पता भी नहीं है कि उनके पिता कौन हैं।”

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल इस देश के लिए लड़ रहे हैं और उनके उपर आप केस करते हो।

https://twitter.com/INCIndia/status/1639871157397594113/video/1

राजघाट के अलावा कांग्रेस पार्टी ने सभी प्रदेशों में राहुल के समर्थन में प्रदर्शन किए। इस दौरान पार्टी के नेताओं ने भी यहां पूरी एकजुटता दिखाई। भोपाल में भी संकल्प सत्याग्रह का आयोजन किया गया। जहां बड़ी संख्या में  कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

First Published on: March 26, 2023 1:32 PM