मंडलाः कमलनाथ ने कहा- प्रदेश में शिवराज नहीं भ्रष्टराज की सरकार, सभा में किया वादा- OBC को देंगे 27% आरक्षण

DeshGaon
राजनीति Published On :
kamalnath in mandla

मंडला। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को मंडला में थे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में 18 साल से चौपट सरकार चल रही है। यहां सभी व्यवस्था चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश की संस्कृति पर हमला हो रहा है। मणिपुर में आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है।

कमलनाथ ने कहा कि पंजाब में खालिस्तानी और तमिलनाडु में हिंदी को लेकर विवाद हो रहा है। प्रदेश में यूथ बिना काम के किसान बिना दाम के शिवराज जी आप किस काम के। मैं ये पूछना चाहता हूं आपने क्या दिया। आपने बेराजगारी दी, महंगाई दी। आने भ्रष्टाचार दिया। प्रदेश देश का सबसे भ्रष्ट प्रदेश है। यहां पैसे दो काम हो जाएगा। आपने माफिया और आदिवासियों पर अत्याचार दिया। एक और चीज दी आपने घर-घर शराब दी।

कमलनाथ यहीं नहीं रूके बल्कि उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि मंडला जिला को पलायन की राजधानी बना दिया है। उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी। 15 में से ढाई महीने चुनाव में गए। साढ़े 11 महीने में आदिवासियों के लिए कई कामों की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि आज मंडला जिला पलायन की राजधानी बन गई है। आज के नौजावान में तड़प है। वह ठेका और कमीशन नहीं काम चाहता है। शिवराजजी घोषणा करते हैं। मैं कहता हूं आप अतिथि शिक्षिकों की भर्ती कर लें। खाली पद भर लें। शिवराजजी आप नौजवानों की आवाज नहीं सुन सकते, इनके कान नहीं चलते, हाथ नहीं चलते। शिवराजजी का मुंह बहुत चलता है। ये घोषणाएं करते जाएंगे।

कमलानाथ ने कहा कि चुनाव में पांच महीने बचे हैं। इससे पहले सीएम की घोषणा मशीन, झूठ और भूमिपूजन की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। 18 सााल बाद उन्हें किसान, महिलाएं और नौजवान याद आए। हम 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे।

महिलाओं को 1500 रुपये हर महीने देंगे। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देंगे। 100 यूनिट बजली माफ, 200 यूनिट हाफ देंगे। ये हमारा वादा है। हम पिछड़ वर्ग को 27% आरक्षण देंगे।



Related