कर्नाटक के मुख्यमंत्री Mr 40% थे और अपना मामू Mr 80% है – दिग्विजय सिंह


महाकाल लोक निर्माण कार्य में 80 फीसदी भ्रष्टाचार के आरोप, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह बोले- कर्नाटक के मुख्यमंत्री मिस्टर 40% थे और अपना मामू मिस्टर 80% है।


DeshGaon
राजनीति Published On :
digvijay singh ujjain

भोपाल। उज्जैन के महाकाल लोक में हवाएं चलने से सप्त ऋषियों की प्रतिमाएं खंडित होने के बाद से इसके निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए विपक्षी दल कांग्रेस शिवराज सरकार पर लगातार हमलावर है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि महाकाल लोक निर्माण कार्य में 80 फीसदी कमीशनखोरी की गई। मामले पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक की तरह अब मध्यप्रदेश में भी PayCM चल रहा है।

मामले को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया – अब कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश में भी PayCM चल रहा है। वहाँ के मुख्यमंत्री Mr 40% थे और अपना मामू Mr 80% है!! वाह मामू वाह!! रिकॉर्ड तोड़ दिया।

आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह ने इससे पहले आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है – अब महाकाल मंदिर का कलश भी अपने आप गिर गया!! बिना हवा के झोके के!! और कितना प्रमाण दें @PayCM Mr 80% के भ्रष्टाचार के? हमारी माँग है ठेकेदार को गिरफ्तार करो।

बता दें कि धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकाल लोक में सप्तऋषि की छह मूर्तियां खंडित होने का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि बुधवार को 11 अन्य देव प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई।

इन्हीं खबरों के बीच गुरुवार को महाकाल लोक में नंदी द्वार पर लगा पत्थर का कलश टूटकर गिरने की खबर सामने आई जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह फैल गई।

पत्थर के कलश के अचानक टूटकर नीचे गिरने की घटना के दौरान नंदी द्वारा के आसपास कई श्रद्धालु भी मौजूद थे। गनीमत रही कि किसी श्रद्धालु को कोई चोट नहीं आई।

अब इस पूरे मामले में शिवराज सरकार की जमकर फजीहत हो रही है। महाकाल लोक में हुई भ्रष्टाचार की शिकायत नंदी बाबा और भगवान महाकाल से करने के लिए भोपाल से कांग्रेस प्रवक्ताओं का एक दल भी उज्जैन पहुंचा है।



Related