कमलनाथ ने BJP से पूछे कई तीखे सवाल, 18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगने में शर्म क्यों आ रही है?


कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर तीखा ज़ुबानी हमला किया, कई मुद्दों पर की बात


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। मप्र के विधानसभा चुनावों से पहले दलों की तैयारियां जारी हैं। अब कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा निकालने की तैयारी कर ली है। शनिवार को पीसीसी प्रमुख कमलनाथ और प्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इसकी जानकारी सार्वजनिक की। दोनों ने नेताओं ने बताया कि कांग्रेस सात जन आक्रोश यात्राएं निकालेगी जो बारह हजार किमी चलेंगी। यह यात्रा 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी से शुरु होंगी। इस प्रेस वार्ता के दौरान कई सवाल INDIA  गठबंधन पर भी पूछे गए। वहीं कमलनाथ मीडिया से कुछ नाराज़ भी नज़र आए।

इस प्रेस वार्ता में कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मप्र में दिल्ली से कितने ही भाजपा के बड़े नेता आ रहे हैं, भाजपा को अपने 18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगने पर शर्म क्यों आ रही है?  18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर तो आपको वोट मांगने चाहिए लेकिन आप शरमा रहे हैं। बाहर से नेता लाने की आवश्यकता भाजपा को क्यों पड़ी?

कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के चार नए चेहरे हैं बनावटी दिखावटी मिलावटी और सजावटी भाजपा। यह इनका चेहरा है। मेरा और कांग्रेस पार्टी दोनों का मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है।

उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश की तस्वीर सभी के सामने हैं। मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी चुनौती है बेरोजगार नौजवान। यही नौजवान भविष्य में मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे। अगर इनका भविष्य खराब किया जाता है तो कैसे मध्य प्रदेश का निर्माण होगा।

कई नौजवान इंटरव्यू में फेल हो जाते हैं क्योंकि उन्हें इंटरव्यू देने की ट्रेनिंग नहीं है। कमलनाथ ने कहा कि इंटरव्यू देने की भी एक स्किल होती है,  इंटरव्यू देने के लिए ट्रेनिंग होती है। हमें इस तरह की सोच की आवश्यकता है। कई बार छात्र अपना रिज्यूम लिखना तक नहीं जानते हैं।

उन्होंने सीएम के लगातार विज्ञापनों और इवेंट में बने रहने पर तंज़ करते हुए कहा कि मीडिया का डिपार्टमेंट उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के ऊपर छोड़ा हुआ है और वे काम करने की राजनीति में विश्वास रखते हैं। कमलनाथ ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला बड़ी मेहनत से लगे हुए हैं। यह चुनाव का पूरा समय यहां पर देंगे, इससे मुझे बड़ी राहत मिलेगी।

 

किसानों पर बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश एक ग्रामीण प्रदेश है हमारे प्रदेश की 70% अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। हमारे प्रदेश की इकोनॉमी आर्थिक गतिविधि से चलती है। कांग्रेस ने इस बात को सबसे पहले पहचाना था।

सरकार पर लग रहे भ्रष्टाचार के आऱोपों को लेकर कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। मध्य प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। शिवराज सरकार में मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का एक सिस्टम बन गया है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार में राशन में घोटाला खाद बीज में घोटाला भर्ती में घोटाला जहां देखो घोटाला। क्या हमारे प्रदेश की जनता अंधी है। इसलिए मुझे मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है कि वे मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।



Related