सलूजा ने उठाए भाजपा के चरित्र पर सवाल

DeshGaon
राजनीति Updated On :
नरेंद्र सलूजा, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मीडिया समन्वयक


 

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने एक भाजपा नेता के बहाने पर पार्टी पर फिर वार किया है। उन्होंने बताया कि  मध्यप्रदेश राज्य सिलाई कढ़ाई बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र नामदेव को भाजपा सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त था। नामदेव पर सिवनी निवासी एक एसिड अटैक पीड़िता महिला टीचर ने भोपाल के हनुमानगंज थाने में छेड़खानी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद 19 फरवरी 2018 को भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था और भाजपा सरकार ने इन्हें पद से हटाते हुए मंत्री का दर्जा वापस ले लिया था। मैहर के रहने वाले पर पहले भी सतना और कटी में भी जमीन की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुके हैं।

सलूजा ने कहा कि वही राजेंद्र नामदेव आजकल भाजपा के चुनावी मंचों पर पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठकर पार्टी की शोभा बढ़ा रहे हैं। सलूजा ने इसे भाजपा का दोहरा चरित्र बताया उन्होंने कहा कि एक ओर तो पार्टी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है और दूसरा महिलाओं को परेशान करने वाले अपने नेता को मंच पर भी बैठाती है।  उन्होंने कहा कि ऐसा कर भाजपा यह बता रही है कि उसकी नजर में बहन-बेटियों का कितना सम्मान है और मामा के राज में भांजियों पर अत्याचार करने वाले भाजपा के मंच पर ससम्मान सुशोभित होते हैं।



Related